आतंकी मसूद अजहर के बड़े भाई ताहिर अनवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पाकिस्तान में हड़कंप
इस्लामाबाद, 31 मार्च। पाकिस्तान के बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के प्रमुख कुख्यात आतंकी मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की मौत संदिग्ध हालात में हो गई है। मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, जिससे आतंकी संगठन के अंदर हड़कंप मचा हुआ है। भारतीय खुफिया स्रोतों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ताहिर अनवर की मौत बहावलपुर में हुई। जैश-ए-मोहम्मद के आधिकारिक चैनल ने मौत की पुष्टि की है।
उनका जनाजा सोमवार रात बहावलपुर के जामिया मस्जिद उस्मान वाली में अदा किया गया। पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से मौत की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है-न बीमारी का जिक्र है, न कोई अन्य स्पष्ट कारण। कुछ रिपोर्ट्स में एक अनजान महिला द्वारा नमाज से लौटते समय पीठ में पिन चुभोने की बात भी कही गई है, लेकिन यह अभी पुष्टि नहीं हुई है। कुल मिलाकर पूरा मामला रहस्यमयी बना हुआ है।
- ताहिर अनवर कौन था?
मोहम्मद ताहिर अनवर मसूद अजहर के बड़े भाई थे और जैश-ए-मोहम्मद में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वे संगठन के आंतरिक ढांचे से जुड़े थे और भारत विरोधी कई गतिविधियों में शामिल माने जाते थे। जैश-ए-मोहम्मद पर भारत में कई बड़े आतंकी हमलों-जैसे संसद हमला और उरी सेना कैंप हमला- का आरोप है।ताहिर अनवर की मौत को मसूद अजहर और पूरे जैश नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर जब संगठन पहले से ही अंतरराष्ट्रीय दबाव और ऑपरेशनल सेटबैक्स का सामना कर रहा है।
- पाकिस्तान में हड़कंप
मौत की खबर से पाकिस्तानी आतंकी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अभी तक पाकिस्तान सरकार या सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। कुछ विश्लेषक आंतरिक कलह या टारगेटेड एक्शन की आशंका जता रहे हैं।यह घटना उन दिनों में आई है जब मसूद अजहर और जैश-ए-मोहम्मद पहले से ही भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर में हैं। मौत की सच्ची वजह सामने आने पर आगे की तस्वीर साफ हो सकेगी।
