मल्लिकार्जुन खड़गे के विरोध का अलग अंदाज –  काला कुर्ता और काली पगड़ी पहन कर संसद पहुंचे

नई दिल्ली, 5 अगस्त। कांग्रेस पार्टी महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को लगातार घेरने की कोशिश कर रही है। इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद के मॉनसून सत्र के दौरान शुक्रवार को खास अंदाज में अपना विरोध जताया।

मल्लिकार्जुन खड़गे महंगाई, वस्तुओं के दाम में वृद्धि और बेरोजगारी पर अपना विरोध जताने के लिए सदन में काला कुर्ता और काली पगड़ी पहन कर पहुंचे। उनके साथ-साथ अन्य कांग्रेसी सांसदों ने भी काला परिधान पहन कर विरोध जताया।

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन

इस बीच महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस आज देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर हैं। ‘चलो राष्ट्रपति भवन’ मार्च के तहत लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च करने की तैयारी है। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के आवास का घेराव करने की तैयारी में भी है।

हालांकि इस बीच दिल्ली पुलिस ने कहा है कि शहर में 144 धारा लागू है। ऐसे में प्रोटेस्ट की इजाजत नहीं दी सकती। अगर धारा 144 का उल्लंघन हुआ तो कानूनी काररवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस के अनुसार विरोध प्रदर्शन की अनुमति केवल जंतर-मंतर पर है।

राहुल गांधी ने केंद्र पर हमला – आज देश में लोकतंत्र नहीं है

उधर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व वायनाड (केरल) के सांसद राहुल गांदी ने संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च की तैयारियों के बीच प्रेस कांफ्रेंस की और केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस लोकतंत्र को 70 वर्षों में बनाया गया, उसे आठ वर्ष में खत्म कर दिया गया है। देश में आज लोकतंत्र नहीं है।

भाजपा सरकार ने सभी एजेंसियों और संस्थाओं पर कब्जा कर रखा है

राहुल गांधी ने कहा, ‘आज देश में सिर्फ चार लोगों की तानाशाही है। हम महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन हमें जेल में डाल दिया जाता है। हमें संसद में बहस नहीं करने दी जा रही। जब हमारी सरकार थी, तब केंद्रीय एजेंसियां और अन्य संवैधानिक संस्थाएं निष्पक्ष होती थीं। इन्हीं के सहारे विपक्ष खड़ा होता है, लेकिन भाजपा सरकार ने सभी एजेंसियों और संस्थाओं को अपने कब्जे में कर रखा है। मैं जितना सच बोलता जाऊंगा, उतना मुझ पर आक्रमण होगा। लेकिन मैं अपना काम करूंगा महंगाई पर बात करूंगा, बेरोजगारी पर बात करूंगा।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular