भाजपा को बड़ा झटका : पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने छोड़ी पार्टी, अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद सपा में शामिल

लखनऊ, 11 अक्टूबर। अगले वर्ष प्रस्तावित यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा, जब पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए हैं। उन्होंने रविवार को भाजपा से इस्तीफा दिया और लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

बेटी को समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ाने की तैयारी

बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र कश्यप अपनी बेटी को समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं। अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव और जिलाध्यक्ष शुबलेश यादव भी मौजूद रहे।

राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद कश्यप ने X पर लिखा था – ‘टाटा बाय-बाय‘

दरअसल, उत्तर प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची सामने आने के बाद धर्मेंद्र कश्यप की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने चर्चा बढ़ा दी थी। आंवला से पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने सोशल मीडिया पर सिर्फ ‘टाटा बाय-बाय’ लिखा था। पोस्ट में उन्होंने न तो भाजपा का नाम लिया था और न ही पार्टी छोड़ने की सीधी बात कही थी। हालांकि, इसके बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।

2014 और 2019 में आंवला लोकसभा सीट से लोकसभा पहुंचे थे धर्मेंद्र कश्यप

धर्मेंद्र कश्यप 2014 और 2019 में आंवला लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए संभावित उम्मीदवारों में उनका नाम भी चर्चा में था, लेकिन घोषित सूची में उन्हें जगह नहीं मिली। इसी बीच उनकी ‘टाटा-बाय-बाय’ वाली पोस्ट सामने आई थी।

बीते दिनों अखिलेश से कश्यप की मुलाकातें भी चर्चा में रही थीं

इसके अलावा बीते दिनों में धर्मेंद्र कश्यप की सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकातें भी चर्चा में रही थीं। उनकी पोस्ट के बाद इन मुलाकातों को लेकर भी राजनीतिक कयास लगाए जा रहे थे। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे भाजपा से दूरी बनाने का संकेत माना था जबकि सपा समर्थकों की ओर से ‘वेलकम सांसद जी’ जैसे कमेंट भी सामने आए थे। हालांकि, उस समय धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा छोड़ने या सपा में जाने का कोई आधिकारिक एलान नहीं किया था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular