एशिया कप : भारतीय महिलाओं ने पाकिस्तान को दबोचा, स्पिनर्स के सामने पाक टीम न्यूनतम स्कोर पर बिखरी  

दुबई, 5 सितम्बर। सेमीफाइनल का टिकट पहले ही कटा चुके रिकॉर्ड सात बार के चैम्पियन भारत ने शनिवार को यहां महिला एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतिम ग्रुप ए लीग मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 68 गेंदों के रहते सात विकेट से दबोच कर रख दिया।

दरअसल, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम श्री चरणी (3-7) की अगुआई में भारतीय स्पिनर्स के सम्मुख अपने न्यूनतम स्कोर (55 रन) पर बिखर गई। फिर हरमनप्रीत एंड कम्पनी ने 8.4 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 57 रन बना लिए।

भारत ने 29 रनों के भीतर स्मृति सहित 3 विकेट गंवाए

कमजोर लक्ष्य के सामने हालांकि भारत की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और विपक्षी कप्तान फातिमा सना (3-17) ने चार ओवरों के भीतर 29 रनों पर तीन बल्लेबाजों को लौटा दिया था। इनमें पिछले मैच के दौरान अंतरराष्ट्री महिला क्रिकेट में सर्वाधिक रनों का विश्व कीर्तिमान बना चुकीं स्टार ओपनर स्मृति मंधाना (नौ रन, 11 गेंद, दो चौके) व उनकी सलामी जोड़ीदार शेफाली वर्मा (12 रन, छह गेंद, एक छक्का, एक चौका) के अलावा प्रतिका रावल (चार रन) शामिल थीं।

कप्तान हरमनप्रीत व दीप्ति ने एकतरफा जीत पर लगाई अंतिम मुहर

फिलहाल भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपने 150वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में कप्तानी करते हुए नाबाद 18 रनों (18 गेंद, एक छक्का, एक चौका) की पारी खेली और दीप्ति शर्मा (नाबाद 12 रन, 14 गेंद, एक चौका) संग अटूट 28 रनों की भागीदारी से एकतरफा जीत सुनिश्चित की।

श्री चरणी व प्रेमा रावत ने आपस में बांटे 6 विकेट

इसके पूर्व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ वामहस्त स्पिनर श्री चरणी (3-7), लेग स्पिनर प्रेमा रावत (3-9) नें जहां आपस में छह विकेट झटके वहीं ऑफ स्पिनरद्वय दीप्ति शर्मा (2-5) व शेफाली वर्मा (1-10) से भी उन्हें सहयोग मिला। इसका नतीजा यह हुआ कि पाकिस्तानी बल्लेबाज 18.1 ओवरों तक बल्लेबाजी करने के बावजूद बोर्ड पर सिर्फ 55 रन टांग सकीं। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान महिला टीम का अब तक का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले उसका न्यूनतम स्कोर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 56 रन था।

स्कोर कार्ड

हालांकि अपने 200वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत ठीक रही और ओपनरद्वय मुनीबा अली (13 रन, 15 गेंद, एक चौका) नव शवाल जुल्फिकार (14 रन, 14 गेंद, तीन चौके) ने शुरुआती चार ओवरों में 27 रन जोड़े थे। लेकिन पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर शेफाली ने मुनीबा को लौटाकर गेट खोला तो फिर लाइन लग गई और 28 रनों की वृद्धि पर सभी 10 बल्लेबाज लौट गईं। मुनीबा व शवाल को छोड़ अन्य कोई बल्लेबाज दहाई में नहीं पहुंच सकी।

लगातार तीसरी जीत से भारत ग्रुप में शीर्षस्थ

भारत ने ग्रुप ए में अपने तीनों मैच जीतकर सर्वाधिक छह अंक बटोरे। वहीं पाकिस्तान ने दो मैचों में दो अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। थाईलैंड तीनों मैच खेल चुका है और दो अंक के बावजूद कमजोर नेट रन रेट के चलते वह तीसरे स्थान पर है। अब तब दो मैचों में खाता नहीं खोल सके हांगकांग व पाकिस्तान के बीच सात सितम्बर को खेले जाने वाले अंतिम मैच से ग्रुप की दूसरी सेमीफाइनलिस्ट का फैसला होगा।

अंक तालिका

वहीं ग्रुप बी में गत चैम्पियन श्रीलंका दो मैचों में चार अंक लेकर शीर्ष पर है जबकि बांग्लादेश (एक मैच में दो अंक) व संयुक्त अरब अमीरात (दो मैचों में दो अंक) दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं। प्रथम प्रवेशी इंडोनेशियाई टीम तीनों मैच खेलकर खाता नहीं खेल सकी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular