1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. महाराष्ट्र में बड़ा हादसा : पुणे के पास इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहा, कई मौतों की आशंका
महाराष्ट्र में बड़ा हादसा : पुणे के पास इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहा, कई मौतों की आशंका

महाराष्ट्र में बड़ा हादसा : पुणे के पास इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहा, कई मौतों की आशंका

0
Social Share

पुणे, 15 जून। महाराष्ट्र में रविवार को अपराह्न बड़ा हादसा हो गया, जब पुणे जिले के पिंपरी चिंचवाड़ में इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया। घटना के समय मौके पर भारी भीड़ थी और शुरुआती जानकारी के अनुसार 20 से 25 लोग लापता हैं, जिनके  नदी में बहने की आशंका जताई जा रही है। आधिकारिक तौर पर इस घटना में पांच लोगों के मरने की पुष्टि की गई है जबकि कई के बहने की आशंका जताई गई है। वहीं रेस्क्यू टीम ने पांच से छह लोगों को बचाया है।

आधिकारिक तौर पर 5 लोगों के मरने की पुष्टि

बताया जाता है कि यह दुर्घटना अपराह्न लगभग 3.40 बजे की है। जब पुल का एक हिस्सा टूटा, तो कुछ लोग नीचे मौजूद पत्थरों पर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं कई लोग सीधे नदी की तेज धारा में बह गए। नदी में बहाव काफी तेज होने के कारण राहत कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। एनडीआरएफ का कहना है कि 38 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एनडीआरएफ की दो टीमों को राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।

लगभग 30 वर्ष पुराना था लोहे का पुल

यह घटना कुंडमाला में हुई, जो एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है और जहां मानसून के दौरान काफी संख्या में पर्यटक आते हैं। स्थानीय विधायक सुनील शेलके ने बताया कि लोहे का यह पुल लगभग 30 वर्ष पुराना था। हादसे के वक्त पुल पर करीब 100 लोग मौजूद थे, जो वहां पिकनिक मनाने पहुंचे थे। हालांकि कुछ पर्यटक गिरने के बाद भी तैरकर किनारे आ गए।

कम से कम 25 से 30 लोगों के बहने की आशंका

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि हादसे में कम से कम 25 से 30 लोगों के बहने की आशंका है। तालेगांव दाभाड़े कस्बे के पास एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। पास में ही इंद्रायणी नदी पर लोहे का पुल बना था। स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार होने के चलते यहां भीड़ ज्यादा थी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत बचाव का काम शुरू किया।

गौरतलब है कि इस इलाके में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। ऐसे में इंद्रायणी नदी का बहाव भी तेज है। नदी के तेज बवाह में पर्यटकों के गिरने की वजह से राहत बचाव के काम में भी दिक्कत आ रही है।

उल्लेखनीय है कि नदी को पैदल या फिर बाइक से पार करने के लिए यह पुल बनाया गया था। रविवार के चलते बड़ी संख्या में लोग पुल पर ही मौजूद थे, तभी पुल ढह गया। अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है कि इस हादसे के बाद कितने लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका है और कितने लापता हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code