1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़ : सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में हादसा, बॉयलर फटने से 10 मजदूरों की मौत, 50 से ज्यादा घायल
छत्तीसगढ़ : सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में हादसा, बॉयलर फटने से 10 मजदूरों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

छत्तीसगढ़ : सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में हादसा, बॉयलर फटने से 10 मजदूरों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

0
Social Share

सक्ती (छत्तीसगढ़), 14 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट मंगलवार की दोपहर भयावह हादसा हुआ, जब प्लांट का बॉयलर फटने से कम से कम 10 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं करीब 50 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में मौके पर ही चार श्रमिकों की मौत हो गई। घायल मजदूरों को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ के फोर्टिस ओ.पी. जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान अन्य मजदूरों की मौत हुई। कुछ घायलों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भी भेजा गया।

जिला प्रशासन और पुलिस के आला अफसर सदल-बल मौके पर मौजूद हैं। घटनास्थल पर युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि बॉयलर में हुए ब्लास्ट की वजह अंतिम समाचार मिलने तक सामने नहीं आई थी।

दोपहर करीब 2 बजे हुआ धमाका

शुरुआती जानकारी के अनुसार प्लांट में धमाका दोपहर करीब दो बजे हुआ। उस समय सभी मजदूर प्लांट के अंदर काम कर रहे थे। अचानक हुए विस्फोट से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे

हादसे के बाद कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। संबंधित विभागों को निर्देशित जारी किए गए कि हादसे के प्रत्येक पहलू की गहन जांच कर जल्द डिटेल रिपोर्ट दी जाए।

प्रशासन की टीम तत्काल सक्रिय हुई

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा – ‘घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की पूरी टीम सक्रिय हो गई थी। प्राथमिकता के आधार पर घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया है। सभी को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया गया और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

राज्य सरकार ने जांच के दिए निर्देश

इस बीच छत्तीसगढ़ के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा है कि दोषियों पर श्रम कानून के तहत काररवाई होगी और साथ ही घायलों और मृतकों को सरकार मुआवजा देगी। उन्होंने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के दिए निर्देश दे दिए हैं।

सीएम साय बोले – दोषियों पर करेंगे कड़ी काररवाई 

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे को लेकर दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘घटना दुखद है इस दुख की घड़ी में मृतक और घायलों के परिवार वालों साथ हमारी पूरी संवेदना है। घायलों के बेहतर उपचार के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। घटना की गहन और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी, इसमें जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी काररवाई की जाएगी।’

नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने भी की अफसरों से बात

हादसे के बाद क्षेत्रीय विधायक और नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने भी जिले के कलेक्टर और एसपी से फोन पर चर्चा करते हुए हालत की जानकारी ली है। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, ‘सक्ती जिला स्थित वेदांता प्लांट में हुई हालिया घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मैंने तत्काल सक्ति जिले के कलेक्टर और एसपी से फोन पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।’

​डॉ. महंत ने बताया कि प्रशासन को कड़े निर्देश दिये गए हैं। उन्होंने घायलों को त्वरित और सर्वोत्कृष्ट उपचार देने, घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच और प्रभावित परिवारों को अविलंब सहायता सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा, ‘​हमारे श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सुरक्षा मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code