महाराष्ट्र : सीएम फडणवीस ने नागपुर हिंसा को सुनियोजित हमला बताया, आमजन से शांति बनाए रखने की अपील

मुंबई, 18 मार्च। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुगल शासक औरंगजेब की कब्र को लेकर मचे बवाल के बीच नागपुर में सोमवार की शाम भड़की हिंसा को एक सुनियोजित हमला करार दिया है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि एक अफवाह के चलते इतनी बड़ी घटना हुई।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने आज विधानसभा में कहा कि सोमवार की शाम को एक अफवाह ने तूल पकड़ लिया, जिसमें यह कहा गया था कि एक प्रतीकात्मक कब्र पर रखी गई चादर पर धार्मिक चिह्न था। इसी अफवाह के कारण मामला गरमाया और हिंसा की घटनाएं हुईं। यह एक सुनियोजित हमला लगता है।

https://twitter.com/Dev_Fadnavis/status/1901890877993410657

घटनास्थल पर 80 से 100 लोगों का जमावड़ा था

सीएम फडणवीस ने कहा, ‘इस हिंसा में 12 दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर 80 से 100 लोगों का जमावड़ा था। हिंसा की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक क्रेन और दो जेसीबी समेत चार पहिया वाहनों को जलाया गया। इसके अलावा, कुछ लोगों पर तलवार से भी हमला किया गया।’

33 पुलिसकर्मी घायल, 5 अपराध दर्ज, SARF की 5 टुकड़ियां तैनात

उन्होंने कहा,  ‘हिंसा के दौरान 33 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें से तीन डीसीपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इसके साथ ही पांच आम नागरिकों पर भी हमले हुए हैं। एक पुलिसकर्मी पर तो कुल्हाड़ी से भी हमला किया गया था।’ उन्होंने यह जानकारी भी दी कि पूरी घटना के संबंध में पांच अपराध दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 11 पुलिस स्टेशन क्षेत्रों में प्रतिबंध लागू किए गए हैं। कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एसआरपीएफ की 5 टुकड़ियां तैनात की गई हैं।

‘छावा फिल्म ने औरंगजेब के खिलाफ लोगों के गुस्से को भड़का दिया है’

सीएम फडणवीस ने राज्य की जनता से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि राज्य सरकार इस मामले में सख्त काररवाई करेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा,  ‘छावा फिल्म ने औरंगजेब के खिलाफ लोगों के गुस्से को भड़का दिया है, फिर भी सभी को महाराष्ट्र में शांति बनाए रखनी चाहिए।’

नागपुर हिंसा का CCTV फुटेज आया सामने

इस बीच नागपुर में हुई हिंसा के बाद तनावपूर्ण शांति है। वहीं हिंसा का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में उपद्रवी चेहरे पर रुमाल बांधे हुए नजर आ रहे हैं और हंगामा कर रहे हैं। कुछ इसमें से पत्थरबाजी कर रहे हैं। कुछ के हाथों में लाठी-डंडे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular