महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की जान को खतरा, खुफिया विभाग को मिले इनपुट के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

मुंबई, 2 अक्टूबर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जान को खतरा होने की विशेष सूचना मिलने के बाद उनकी सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। राज्य के खुफिया विभाग (एसआईडी) को सीएम शिंदे की जान को खतरा होने की विशेष जानकारी मिली थी।

शिंदे को पहले से ही दी गई है जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा  

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार राज्य के खुफिया आयुक्त आशुतोष डुम्ब्रे ने सीएम एकनाथ शिंदे की जान को खतरे सूचना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई गई है। उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। लेकिन हमें जो इनपुट मिला है, उसके बाद हमने आवश्यक काररवाई की है और मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी है।’ उन्होंने यह भी कहा कि ठाणे में सीएम शिंदे के निजी आवास और मुंबई में आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

5 अक्टूबर को एमएमआरडीए मैदान में पहली दशहरा रैली को संबोधित करेंगे

उल्लेखनीय है कि सीएम शिंदे आगामी पांच अक्टूबर को मुंबई के एमएमआरडीए मैदान में अपनी पहली दशहरा रैली को संबोधित करने वाले हैं। शिंदे ने इसी वर्ष जून में लगभग 40 विधायकों के साथ मिलकर तत्कालीन मुख्यमंत्री व शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत कर दी थी और शिवसेना का अलग गुट बनाकर भाजप के साथ मिलकर सरकार बना ली थी। उन्होंने 30 जून को सूबे के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उप मुख्यमंत्री बने थे।

पिछले वर्ष अक्टूबर में भी मिला था धमकी भरा पत्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष अक्टूबर में भी शिंदे को एक धमकी भरा पत्र मिला था। आशंका जताई गई थी कि नक्सलियों ने उन्हें यह पत्र भेजा था, जब वह शहरी विकास मंत्री थे और नक्सलवाद से प्रभावित गढ़चिरौली जिले के संरक्षक मंत्री भी थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular