1. Home
  2. राज्य
  3. अखिलेश यादव की सरकार पर तीखा हमला, कहा- बसों पर नहीं, मंत्री की भ्रष्ट करतूतों पर चले बुलडोजर
अखिलेश यादव की सरकार पर तीखा हमला, कहा- बसों पर नहीं, मंत्री की भ्रष्ट करतूतों पर चले बुलडोजर

अखिलेश यादव की सरकार पर तीखा हमला, कहा- बसों पर नहीं, मंत्री की भ्रष्ट करतूतों पर चले बुलडोजर

0
Social Share

लखनऊ, 7 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में बगैर बस चलाए चालकों द्वारा वेतन उठाये जाने का मामला सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार हमला बोलते हुये कहा कि मुख्यमंत्री को बसों पर “बुलडोजर” चलाने का नाटक करने के बजाय मंत्री की भ्रष्ट करतूतों पर चलवाने चाहिए।अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, ” सब जानते हैं चलेगा (बुलडोजर) नहीं क्योंकि इस गोरखधंधे का सबसे बड़ा हिस्सा तो ‘मुख्य-दान पेटी’ में ही आता है। इसीलिए मंत्री पर उनकी ‘दया-दृष्टि’ आमदनी के आगमन के अनुपात में बनी रहेगी।”

उन्होंने कहा, “इधर गर्मियों की छुट्टियों में जनता आने-जाने के लिए परेशान है और उधर भाजपाई और उनके संगी-साथी परिवहन विभाग के पहिये खोलकर बेचने में लगे हैं। यही वो कारण है जिसकी वजह से उप्र के विकास की गाड़ी भाजपा के भ्रष्टाचार की मारी धँसी सड़क में धँसकर पूरी तरह ठहर गयी है।” अखिलेश यादव ने कहा कि यातायात और आवागमन की व्यवस्था का बाधित होना सीधे तौर पर अर्थव्यवस्था पर असर डालता है। उन्होंने कहा कि भाजपाई ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था नहीं, ट्रिलियन डॉलर की अपनी व्यवस्था बनाने में लगे हैं। भाजपा को आम जनता से न कोई मतलब था, न है, न कभी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जाए तो बस चल पाए, पर चिंता न करें बुरे दिन जानेवाले हैं।

गौरतलब है कि परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 1671 ड्राइवर ऐसे पाए गए हैं जो बिना बस चलाए ही वेतन उठा रहे हैं, जबकि करीब 50 प्रतिशत चालकों का रिकॉर्ड शून्य किलोमीटर का दर्ज हुआ है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर सरकार या परिवहन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code