अल्टीमेटम की अवधि खत्म होने से पहले ट्रंप की ईरान को धमकी- आज रात एक सभ्यता पूरी तरह होगी नष्ट

नई दिल्ली, 7 अप्रैल। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सीधे चेतावनी देते हुए कहा है कि मंगलवार रात ‘एक पूरी सभ्यता नष्ट हो जाएगी। ट्रंप की यह धमकी उस अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने लगभग 12 घंटे पहले सामने आई है, जो उन्होंने समझौता करने के लिए ईरान को दी है।

अमेरिकी समयानुसार रात्रि 8 बजे तक समझौते के लिए अल्टीमेटम

उल्लेखनीय है कि ट्रंप ने ईरान को समझौता करने के लिए मंगलवार को वॉशिंगटन समय के अनुसार रात आठ बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार को भोर में 5.30 बजे) तक का समय दिया है। इस डेडलाइन के तहत ईरान को मंगलवार को एक समझौते पर राजी होना था, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलना शामिल था। ऐसा न करने पर उसे कड़े हमलों का सामना करना पड़ेगा।

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर क्या लिखा?

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘एक पूरी सभ्यता की आज रात मौत हो जाएगी और फिर कभी वापस नहीं आएगी। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा हो सकता है। हालांकि, अब जब पूरी तरह और सम्पूर्ण शासन परिवर्तन हो चुका है, जहां अलग, ज्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग आगे आए हैं, शायद कुछ क्रांतिकारी रूप से अच्छा हो सकता है, कौन जानता है? हमें आज रात पता चल जाएगा।’

ट्रंप ने आगे लिखा, ‘यह दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है। 47 वर्षों की जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का दौर आखिरकार खत्म होगा। ईश्वर ईरान के महान लोगों की रक्षा करे।’

ईरान अब तक संयम दिखाया है – आईआरजीसी

ईरान की ओर से अब तक किसी समझौते को लेकर सहमति नहीं बनी है। वहीं ट्रंप की ताजा धमकी पर ईरान की ओर से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने ताजा बयान जारी कर कहा है कि उसने अब तक संयम दिखाया है।

तुर्की में ईरानी दूतावास ने कहा – एक साइकोपैथ की धमकियां ईरान को खत्म नहीं कर सकतीं

वहीं तुर्की में ईरान के दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट किया है। ईरानी दूतावास ने लिखा, ‘सिकंदर ने इसे जला दिया। मंगोलों ने इसे तबाह कर दिया। इतिहास ने इसे परखा। ईरान अब भी यहां है। एक साइकोपैथ की धमकियां उसे खत्म नहीं कर सकतीं, जिस समय नहीं खत्म कर सका।’

वेंस ने जताया भरोसा – ईरान से अब भी मिल सकता है जवाब

इस बीच ट्रंप की धमकियों से इतर अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका को भरोसा है कि उसे मंगलवार की डेडलाइन तक ईरान से जवाब मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान में अपने मिलिट्री उद्देश्य काफी हद तक पूरे कर लिए हैं।

जेडी वेंस ने कहा, ‘अब गेंद ईरानियों के पाले में है। युद्ध शुरू होने से पहले भी ईरानी बातचीत करने में बहुत तेज नहीं थे और अब तो वे बिल्कुल भी तेज नहीं हैं। हम मानते हैं कि कभी-कभी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक संदेश पहुंचाने में थोड़ी देर हो जाती है, लेकिन हमें पूरा भरोसा है कि हमें जवाब जरूर मिलेगा, चाहे वह सकारात्मक हो या नकारात्मक।’

वेंस ने भरोसा जताते हुए कहा, ‘आज रात 8 बजे तक हमें ईरानियों से जवाब मिल जाएगा। मुझे उम्मीद है कि वे सही जवाब देंगे, क्योंकि हम असल में एक ऐसी दुनिया चाहते हैं, जहां तेल और गैस का प्रवाह बिना किसी रुकावट के हो, जहां लोग अपने घरों को गर्म और ठंडा रखने का खर्च उठा सकें, और जहां लोग काम पर जाने के लिए आने-जाने का खर्च उठा सकें।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular