1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. मलेशिया मास्टर्स : लक्ष्य उलटफेर के शिकार, प्रणय भी पहले ही दौर में हारे, मालविका व अश्मिता अगले दौर में
मलेशिया मास्टर्स : लक्ष्य उलटफेर के शिकार, प्रणय भी पहले ही दौर में हारे, मालविका व अश्मिता अगले दौर में

मलेशिया मास्टर्स : लक्ष्य उलटफेर के शिकार, प्रणय भी पहले ही दौर में हारे, मालविका व अश्मिता अगले दौर में

0
Social Share

कुआलालंपुर, 20 मई। मौजूदा समय भारत के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन और 2023 के विजेता एचएस प्रणय को यहां मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले ही दौर में पराजय का सामना करना पड़ा। खैर, मालविका बंसोड़ व अश्मिता चालिहा ही उम्मीद की किरण बनकर उभरीं, जिन्होंने महिला एकल में विपरीत अंदाज में जीत के सहारे दूसरे दौर में जगह बनाई।

निचली रैंकिंग के इंडोशियाई खिलाड़ी ने आठवीं सीड लक्ष्य को चौंकाया

BWF रैंकिंग में 11वें नंबर पर काबिज लक्ष्य सेन यहां एग्जिआटा एरेना के कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के तीसरे मैच में उलटफेर के शिकार हो गए। विश्व नंबर 38 इंडोनेशियाई मोहम्मद जकी उबैदुल्लाह ने आठवीं सीड लक्ष्य को 43 मिनट में 21-17, 21-11 से परास्त किया।

प्रणय छठी सीड जापानी नाराओका से एक गम लेने के बाद हारे

वहीं 2023 एशियाई खेलों और विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय ने कोर्ट नंबर एक पर छठे वरीय जापानी कोदाई नाराओका के सामने 80 मिनट तक कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन उन्हें 17-21, 22-20, 22-24 से हार का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि विश्व रैंकिंग में 33वें नंबर पर जा खिसके 33 वर्षीय प्रणय मलेशियाई मास्टर्स की पुरुष एकल उपाधि जीतने वाले इकलौते भारतीय हैं।

मालविका ने जर्मन प्रतिद्वंद्वी यवोन ली को तीन गेमों में मात दी

इस बीच एसीएल (एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट) चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहीं विश्व नंबर 51 मालविका ने साहसिक प्रदर्शन किया। उन्होंने कोर्ट नंबर चार पर खेले गए दिन के पांचवें मैच में एक घंटे तक खिंचे संघर्ष के बाद विश्व रैंकिंग में 52वें नंबर की जर्मन शटलर यवोन ली को 21-17, 16-21, 21-9 से शिकस्त दी।

चालिहा ने सिर्फ 34 मिनट में मैदान मारा

लेकिन कोर्ट नबंर दो पर अश्मिता चालिहा को ज्यादा रियाज नहीं करना पड़ा। विश्व रैंकिंग में 71वें क्रम की भारतीय शटलर ने रैंकिंग में खुद से 15 स्थान ऊपर इंडोनेशियाई थालिता रमाधनी विरियावान को सिर्फ 34 मिनट में 21-16, 21-13 से हरा दिया। अब मालविका डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट से भिड़ेंगी जबकि अश्मिता का सामना मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा।

किरण जॉर्ज रिटायर, तरुण कड़े संघर्ष में परास्त

कोर्ट पर उतरे अन्य भारतीय खिलाड़ियों को मायूसी झेलनी पड़ी। इस क्रम में किरण जॉर्ज फ्रांस के सातवें वरीय एलेक्स लानियर के खिलाफ 15-21, 1-6 से पिछड़ने के बाद रिटायर हो गए तो तरुण मन्नेपल्ली ने एक गेम की बढ़त गंवा दी और चीनी ताइपे के वांग पो-वेई से 21-17, 14-21, 8-21 से हार गए। वहीं महिला एकल में अनमोल खरब कड़ा संघर्ष करने के बावजूद डेनमार्क की आठवीं वरीय लाइन क्रिस्टोफरसेन कजर्सफेल्ट से 21-13, 16-21, 19-21 से हार गईं।

मिश्रित युगल व महिला युगल में भी भारतीय जोड़ियां हारीं

भारत के आशिथ सूर्या और अमृता प्रमुतेश की मिश्रित युगल जोड़ी शुरुआती दौर में इंडोनेशिया के बॉबी सेतियाबुदी और मेलाती देवा ओक्तावियांती से 13-21, 18-21 से हार गई। महिला युगल में रुतापर्णा पांडा व स्वेतापर्णा पांडा बहनें दूसरी सीड जापानी रिन इवानागा व की नाकानिशी के हाथों 7-21, 6-21 से हार गईं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code