पीएम मोदी ने इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को भेंट की ‘मेलोडी’ टॉफी
रोम, 20 मई। पांच देशीय दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार की रात इटली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी को भेंट स्वरूप ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट दिया। इस गिफ्ट के लिए मेलोनी ने उन्हें धन्यवाद भी दिया।
इतालवी पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 12 सेकेंड की वीडियो क्लिप साझा की। इसमें वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ दिख रही हैं। इस क्लिप में वह कह रही हैं, ‘प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए बहुत अच्छा गिफ्ट लेकर आए हैं। ये टॉफियां हैं, जो बहुत स्वादिष्ट हैं।’ इसके बाद उनकी दाईं तरफ खड़े पीएम मोदी टॉफी का पैकेट उठाते हैं, जिस पर लिखा है ‘मेलोडी’। ‘गिफ्ट’ को कैमरे की तरफ दिखाने के बाद दोनों खिलखिलाकर हंस देते हैं।
Thank you for the gift pic.twitter.com/7ePxbJwPbA
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 20, 2026
इसके पूर्व जॉर्जिया मेलोनी ने रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। मेलोनी ने भारतीय प्रधानमंत्री का व्यक्तिगत रूप से स्वागत करते हुए X पर लिखा, ‘रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!’, जिससे दोनों नेताओं के बीच अच्छी दोस्ती साफ दिखाई देती है।
Welcome to Rome, my friend! 🇮🇹🇮🇳 pic.twitter.com/mUjFL4HIqY
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 19, 2026
पीएम मोदी इसी क्रम में इतालवी पीएम मेलोनी की ओर से आयोजित डिनर में भी शामिल हुए। उन्होंने इस डिनर की तस्वीरें भी साझा कीं और कहा कि वह मेलोनी के साथ बातचीत का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें दोनों देश भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘रोम पहुंचने के बाद मुझे प्रधानमंत्री मेलोनी से डिनर पर मिलने का मौका मिला, इसके बाद कोलोसियम का दौरा किया। हमने कई विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। मैं आज होने वाली बातचीत का इंतजार कर रहा हूं, जिसमें हम भारत-इटली दोस्ती को और मजबूत करने पर बात करेंगे।’
Upon landing in Rome, had the opportunity to meet Prime Minister Meloni over dinner followed by a visit to the iconic Colosseum. We exchanged perspectives on a wide range of subjects. Looking forward to our talks today, where we will continue the conversation on how to boost the… pic.twitter.com/df0bDYKCdU
— Narendra Modi (@narendramodi) May 20, 2026
पीएम मोदी इस यात्रा के दौरान जॉर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति सर्जियो मटारेला से भी मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी ने अपने आगमन की जानकारी भी साझा की और बताया कि यह यात्रा भारत और इटली के रिश्तों को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
वहीं विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। पीएम मोदी आधिकारिक यात्रा पर इटली पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत और इटली के बीच लंबे समय से बहुआयामी साझेदारी रही है। यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने वाली है।’
