पीएम मोदी ने इटली के राष्ट्रपति सर्जियो मैटारोला से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा

रोम, 20 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इटली के राष्‍ट्रपति सर्जियो मैटारेला के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान पीएम मोदी के साथ विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अन्य वरिष्ठ राजनयिक अधिकारी मौजूद थे।

पीएम मोदी ने इस वार्ता के संदर्भ में सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ‘रोम में राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात हुई। हमने भारत-इटली मित्रता से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिनमें व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक संबंध शामिल हैं। हमने इस बारे में चर्चा की कि हमारे देश कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिजों, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कैसे सहयोग कर सकते हैं।’

पीएम मोदी व राष्‍ट्रपति सर्जियो मैटारेला ने बैठक से पहले एक-दूसरे का गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों दलों के सदस्यों से मुलाकात की। बैठक के बाद विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्‍ट्रपति सर्जियो मैटारेला से भेंट की। दोनों नेताओं ने भारत-इटली की मजबूत और दीर्घकालिक साझेदारी की पुष्टि की और व्यापार, प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, एआई और संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों में चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर भी विचार साझा किए।’

इससे पहले मंगलवार की रात पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी द्वारा आयोजित डिनर में भाग लिया। उन्होंने कुछ तस्वीरें भी साझा कीं और कहा कि बुधवार को वे भारत-इटली दोस्ती को और बढ़ाने पर वार्ता जारी रखने के लिए उत्सुक हैं। दोनों नेताओं ने रोम के प्रसिद्ध कोलोसियम का भी दौरा किया।

पीएम मोदी ने लिखा, ‘रोम पहुंचने पर, प्रधानमंत्री मेलोनी से डिनर पर मुलाकात का अवसर मिला, इसके बाद कोलोसियम का दौरा किया। हमने कई विषयों पर अपने दृष्टिकोण साझा किए। आज की वार्ता का इंतजार है, जिसमें हम भारत-इटली मित्रता को और सशक्त बनाने पर चर्चा जारी रखेंगे।’ वहीं, मेलोनी ने पीएम मोदी के रोम आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘वेलकम टू रोम, माय फ्रेंड!’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular