1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ी, रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती
झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ी, रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती

झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ी, रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती

0
Social Share

रांची, 9 फरवरी। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ गई है। 80 वर्षीय झामुमो नेता को रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज दिग्गज डॉक्टरों की देख-रेख में किया जा रहा है। उन्हें अस्पताल ले जाते वक्त उनके पास पुत्रवधू कल्पना सोरेन मौजूद थीं।

सूत्रों ने बताया कि शिबू सोरेन को सांस लेने में तकलीफ महसूस हो रही थी, जिससे उन्हें भर्ती कराने की नौबत आई है। हालांकि कुछ रिपोर्टों में शिबू सोरेन को फेफड़ों और किडनी में इंफेक्शन की शिकायत की आशंका जाहिर की जा रही है।

इसी माह धनबाद की रैली में बेटे हेमंत के साथ नजर आए थे शिबू सोरेन

तीन बार झारखंड के सीएम रहे शिबू सोरेन की सियासी विरासत आजकल उनके बेटे हेमंत सोरेन संभाल रहे हैं। इसी महीने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन के साथ धनबाद की एक रैली में नजर आए थे। शिबू सोरेन ने इस जनसभा में शिक्षा और कृषि में सुधार जैसे मसलों पर अपनी बात रखी थी।

इससे पहले शिबू सोरेन वर्ष 2020 में कोरोना से पीड़ित हुए थे। कोविड संक्रमण के दौरान वह क्वारंटीन थे। बाद में तबीयत बिगड़ने पर रांची के ही मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेदांता के सीनियर नेफ्रोलॉजिस्ट डॉक्टर अमित भी शिबू सोरेन के इलाज में जुटे हैं। फिलहाल, उनकी सेहत को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम गुरु जी के नाम से जाने जाने वाले दिग्गज नेता के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। उनकी तमाम चिकित्सकीय जांचें की जा रही हैं। प्रवक्ता ने बताया कि जल्द ही शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी साझा की जाएगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code