जम्मू-कश्मीर को तीसरी वंदे भारत ट्रेन की सौगात, उधमपुर होगा नया स्टॉपेज

नई दिल्ली, 22 अगस्त। रेल मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर को तीसरी वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी है। 26407 और 26408 नंबर की यह नई ट्रेन जम्मूतवी और श्रीनगर के बीच संचालित की जाएगी। हालांकि इस रूट पर दो जोड़ी वंदे भारत ट्रेनें पहले से ही चल रही हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर यह जानकारी साझा की है।

जितेंद्र सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘उधमपुर के लिए अच्छी खबर! स्थानीय लोगों की मांग और हमारे अनुरोध के जवाब में, रेल मंत्रालय ने जम्मू और श्रीनगर के बीच तीसरी और नई वंदेभारत एक्सप्रेस में उधमपुर को स्टॉपओवर के रूप में शामिल करने की मंजूरी दी है। यह एक बार फिर पीएम @नरेंद्र मोदी की इस क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशीलता को दिखाता है। इस सकारात्मक और त्वरित कदम के लिए रेलवे मंत्री @अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद।’ उन्होंने एक्स पर रेल मंत्री अश्विनी वैश्णव का पत्र भी शेयर किया।

दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज से गुजरेगी वंदे भारत

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने पत्र में जानकारी देते हुए बताया है कि इस ट्रेन का नंबर 26407/26408 होगा। साथ ही तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए उधमपुर में भी स्टॉपेज होगा। यह वंदे भारत ट्रेन दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब ब्रिज से गुजरेगी।

जम्मू-श्रीनगर रूट पर चल रही वर्तमान वंदे भारत ट्रेन का किराया 855 से 1780 रुपये के बीच है। इसी वजह से यह माना जा रहा है कि तीसरी वंदे भारत का किराया भी इसी तरह रह सकता है।

जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत रूट पर चार स्टॉपेज

वर्तमान में जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत रूट पर चार स्टॉपेज हैं। शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, रियासी और बनिहाल। यह ट्रेन जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच 269 किमी. की दूरी लगभग चार घंटे 45 मिनट में तय करती है, जिससे दोनों इलाकों के बीच तेज और ज्यादा सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिल रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular