Site icon hindi.revoi.in

ट्रंप की धमकियों के बाद ईरान की चेतावनी- ‘होर्मुज स्ट्रेट बाहरी ताकतों के लिए सैन्य शक्ति प्रदर्शन का मंच नहीं है’

Social Share

तेहरान, 5 जुलाई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया चेतावनी के बाद ईरान ने हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। ईरान ने स्पष्ट किया है कि यह रणनीतिक समुद्री मार्ग किसी भी बाहरी शक्ति के सैन्य प्रदर्शन का मंच नहीं है। तेहरान ने कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट का उपयोग क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और सुरक्षित नौवहन सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए, न कि सैन्य ताकत दिखाने के लिए।

ईरान के कानूनी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप विदेश मंत्री काजम गरीबाबादी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ईरान, हॉर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा का जिम्मेदार और गारंटर होने के नाते, इस संवेदनशील समुद्री क्षेत्र में किसी भी सैन्य गतिविधि के खिलाफ चेतावनी देता है। उन्होंने कहा कि इस समुद्री मार्ग की सुरक्षा पूरी तरह ईरान और ओमान की जिम्मेदारी है।

न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, गरीबाबादी ने ब्रिटेन और फ्रांस के नेताओं के उस संयुक्त बयान को भी खारिज कर दिया, जिसमें हॉर्मुज स्ट्रेट में नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और जरूरत पड़ने पर बहुराष्ट्रीय सैन्य मिशन तैनात करने की बात कही गई थी। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को जारी संयुक्त बयान में कहा था कि हॉर्मुज स्ट्रेट वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है और यहां सभी देशों के जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना पूरी दुनिया की प्राथमिकता होनी चाहिए।

दोनों नेताओं ने यह भी कहा कि ओमान ने ब्रिटेन और फ्रांस के साथ मिलकर अपने क्षेत्रीय जलक्षेत्र में सुरक्षित नौवहन बनाए रखने पर सहमति जताई है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि आवश्यकता पड़ने पर व्यापक बहुराष्ट्रीय सैन्य मिशन भी तैनात किया जा सकता है। इस बीच, ईरान की अर्धसरकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने समुद्री ट्रैकिंग डेटा के हवाले से दावा किया कि शनिवार को ओमान के तट से होकर गुजरने की कोशिश कर रहे आठ जहाजों को वापस लौटा दिया गया।

वहीं, ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ जहाज मुसंदम प्रायद्वीप के निकट तक पहुंचने के बाद अचानक दिशा बदलने पर मजबूर हुए। इनमें एक कच्चा तेल टैंकर, दो पेट्रोलियम उत्पाद टैंकर और एक बल्क कैरियर शामिल थे। रिपोर्ट के अनुसार, इन जहाजों ने बाद में ईरान के निर्देशों का पालन करते हुए उत्तर की ओर रुख किया और वैकल्पिक समुद्री मार्ग का इस्तेमाल किया।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि 28 फरवरी को ईरानी क्षेत्र पर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने हॉर्मुज स्ट्रेट पर अपनी निगरानी और नियंत्रण और अधिक सख्त कर दिया है। इसके तहत इजरायल और अमेरिका से जुड़े या उनके सहयोगी जहाजों के सुरक्षित आवागमन पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Exit mobile version