1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. स्वतंत्रता दिवस : ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत तिरंगे की रोशनी में जमगाएंगी दुनियाभर की प्रतिष्ठित इमारतें
स्वतंत्रता दिवस : ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत तिरंगे की रोशनी में जमगाएंगी दुनियाभर की प्रतिष्ठित इमारतें

स्वतंत्रता दिवस : ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत तिरंगे की रोशनी में जमगाएंगी दुनियाभर की प्रतिष्ठित इमारतें

0
Social Share

नई दिल्ली, 14 अगस्त। अपनी स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहे भारत ने इस बार 15 अगस्त को दुनियाभर में विशेष आयोजन की तैयारी की है। अनेक देशों की प्रतिष्ठित इमारतें एवं पर्यटन स्थल इसके गवाह बनेंगे, जो उस दिन तिरंगे की रोशनी में जगमगाते नजर आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस बाबत सभी तैयारियां पूरी कर लीं हैं।

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के एक हिस्से के तौर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर विदेश मंत्रालय ने विश्व के कई देशों में प्रतिष्ठित इमारतों और पर्यटन स्थलों का चयन करने के साथ ही सभी औपचारिकताओं को भी पूरा कर लिया है। मंत्रालय के निर्देश पर इस बार के आजादी के पर्व को लेकर दुनियाभर में स्थित भारतीय दूतावासों ने सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

विश्व की 75 प्रतिष्ठित इमारतें और पर्यटन स्थल तिरंगे की रोशनी से आलोकित होंगे

अमेरिका, ब्रिटेन, दुबई समेत कई बड़े देशों की 75 प्रतिष्ठित इमारतें और पर्यटन स्थल 15 अगस्त की शाम से 16 अगस्त की सुबह तक भारतीय तिरंगे की रोशनी में जगमगाते नजर आएंगे। इतना ही नहीं कनाडा स्थित विश्व प्रसिद्ध नियाग्रा जलप्रपात की लहरें भी तिरंगे में नहाई हुई दिखेंगी।

जिन मुख्य इमारतों को तिरंगे की रोशनी वाली लाइटों से सजाया जाएगा, उनमें जेनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ का मुख्यालय, अमेरिका की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग, दुबई का बुर्ज खलीफा, रूस का इवोल्यूशन टावर, संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी शहर का मशहूर एडीएनओसी ग्रुप टॉवर और यूनाइटेड किंगडम का बर्मिंघम पुस्तकालय भवन भी शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ जनभागीदारी का अभियान है। इसका उद्देश्य गर्व के उन पलों को याद करना है, जिनसे भारत की आजादी का इतिहास जुड़ा है। इसकी शुरुआत के साथ ही बड़ी संख्या में विदेशों में रह रहे भारतीय पूरे उत्साह के साथ इससे जुड़ रहे हैं।’

15 अगस्त, 2023 तक चलेगा ‘आजादी का अमृत महोत्सव’

ज्ञातव्य है कि इस बार 15 अगस्त को पूरा देश आजादी का 75वां पर्व मनाएगा। इसे लेकर पीएम मोदी ने इसी वर्ष 12 मार्च को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ अभियान शुरू किया था। यह वही तारीख है, जिस दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने 1930 में दांडी यात्रा शुरू की थी। 12 मार्च, 2021 से प्रारम्भ हुआ यह अभियान 15 अगस्त, 2023 तक चलेगा।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code