बैंकॉक, 7 अगस्त। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में गुरुवार को पूर्वाह्न एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जब नौवीं कक्षा के एक सनकी छात्र ने पहले कथित तौर पर अपने दादा-दादी की हत्या कर दी और फिर स्कूल पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग से कम से कम पांच शिक्षकों की भी जान ले ली। इस हमले में कम से कम 15 लोग घायल हो गए जबकि छात्र ने खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। थाईलैंड के जन स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि ये दोनों बुजुर्ग अपने घर में मृत पाए गए।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार थाईलैंड के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सबसे पहले 9वीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र ने अपने दादा-दादी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर थाईलैंड के नोंथाबुरी प्रांत में स्थित डेबसिरिन स्कूल की नोंथाबुरी शाखा में जाकर पांच शिक्षकों की जान ले ली। मंत्रालय ने बताया कि इसके बाद उस किशोर ने खुदकुशी कर ली।
पुलिस ने बताया कि किशोर ने जिस 9mm हैंडगन का इस्तेमाल किया, वह उसके दादा की थी, जो खुद एक शिक्षक थे। पुलिस ने यह भी बताया कि स्थानीय समयानुसार पूर्वाह्न 10.00 बजे (03:00 GMT) के ठीक बाद गोली चलने की सूचना मिली थी।
थाईलैंड के प्रमुख बचाव समूह पोह टेक तुंग फाउंडेशन की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार इस घटना में सात लोगों की मौत हुई है और 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद गंभीर है। फाउंडेशन ने अपने एक बयान में कहा कि अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से छात्रों को स्कूल परिसर से सुरक्षित बाहर निकाला।
हमलावर छात्र ने की आत्महत्या
यह गोलीबारी बैंकॉक के उत्तर में स्थित नोंथबुरी प्रांत के बैंग क्रुई जिले में एक व्यस्त राजमार्ग पर मौजूद देबसिरिन नोंथबुरी स्कूल में हुई। यह एक प्रसिद्ध माध्यमिक विद्यालय है, जहां लगभग 3,000 छात्र पढ़ते हैं। नोंथबुरी प्रांतीय पुलिस कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल देचरापी कोंगडी ने बताया कि संदिग्ध हमलावर ने खुद की भी जान ले ली।


