1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. हरियाणा निकाय चुनाव : भाजपा ने भूपेंद्र हुड्डा के गढ़ रोहतक सहित 9 निगमों पर किया कब्जा
हरियाणा निकाय चुनाव : भाजपा ने भूपेंद्र हुड्डा के गढ़ रोहतक सहित 9 निगमों पर किया कब्जा

हरियाणा निकाय चुनाव : भाजपा ने भूपेंद्र हुड्डा के गढ़ रोहतक सहित 9 निगमों पर किया कब्जा

0
Social Share

चंडीगढ़, 12 मार्च। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा निकाय चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 नगर निगमों में से नौ पर जीत दर्ज कर ली है, जिसमें कांग्रेस दिग्गज भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ रोहतक भी शामिल है। इससे पहले भाजपा का 10 नगर निगमों में से आठ पर कब्जा था।

हरियाणा की सत्ता गंवाने के बाद निकाय चुनाव में पहली बार उतरी थी कांग्रेस

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में सत्ता गंवाने के बाद कांग्रेस निकाय चुनाव में पहली बार उतरी थी, लेकिन यहां भी उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। महापौर पदों के परिणाम के अनुसार भाजपा उम्मीदवारों ने अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, रोहतक और सोनीपत में अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों को हराकर जीत दर्ज की है जबकि यमुनानगर और पानीपत में भाजपा के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं, मानेसर में निर्दलीय उम्मीदवार इंद्रजीत यादव ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी सुंदर लाल को 2,293 वोटों के अंतर से हराया।

फरीदाबाद में भाजपा प्रत्याशी परवीन जोशी 3 लाख से अधिक मतों से विजयी

बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाले महापौर उम्मीदवारों में फरीदाबाद से भाजपा के परवीन जोशी शामिल हैं, जिन्होंने तीन लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की है। गुरुग्राम से राज रानी ने 1.79 लाख वोटों के ज्यादा अंतर से जीत हासिल की है। सोनीपत में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव जैन ने कांग्रेस की कोमल दीवान को हराया जबकि करनाल में भाजपा की रेणु बाला गुप्ता ने कांग्रेस के मनोज वाधवा को हराया।

हालांकि, कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी शर्मिंदगी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में देखने को मिली, जहां भाजपा के राम अवतार ने कांग्रेस के सूरजमल किलोई को परास्त किया। 2024 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने रोहतक और झज्जर जिलों पर अपनी पकड़ बनाए रखी थी और पार्टी ने आठ में से सात सीटें जीती थी।

इन नतीजों का कांग्रेस पर नहीं होगा असर – भूपेंद्र हुड्डा

हालांकि निकाय चुनाव के नतीजों पर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इससे कांग्रेस पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘इससे पहले भी नगर निगमों में भाजपा का दबदबा रहा है। यदि हम सीट हार जाते तो ये झटका होता, लेकिन यह पहले से ही हमारे पास नहीं था। कांग्रेस को कुछ क्षेत्रों में बढ़त जरूर मिली होगी, लेकिन मैं चुनाव के दौरान कहीं नहीं गया। मुझे नहीं लगता कि इन नतीजों का कोई असर होगा।’

सीएम सैनी ने नतीजों पर जताई खुशी

 

वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निकाय चुनाव में पार्टी की शानदार जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा, ‘नतीजे साफ तौर पर दिखाते हैं कि हरियाणा की जनता ने भाजपा पर कितना भरोसा जताया है। लोगों ने सरकार के विकास कार्यों की वजह से वोट दिया है। ट्रिपल इंजन सरकार अब लोगों के समग्र उत्थान के लिए काम कर रही है और सभी वादे पूरे कर रही है। कार्यकर्ता खुश हैं और ये परिणाम पीएम मोदी के विजन का नतीजा है। हम उनके साथ जश्न मनाएंगे।’

हुड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को हल्के में लेना बंद कर दिया है और इसलिए लोगों ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code