यूपी एमएलसी चुनाव : भाजपा ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 5 उम्मीदवारों का किया एलान
लखनऊ, 24 मई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया है।
पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की तरफ से जारी की गई सूची में पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को सहमति दे दी गई है। प्रत्याशियों के एलान के साथ ही यूपी में सियासी हलचल तेज हो गई है।
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद् चुनाव हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/IepLB227q2
— BJP (@BJP4India) May 24, 2026
दिलचस्प तो यह है कि पार्टी ने किसी भी नए उम्मीदवार को चुनाव में उतारा और अपने सभी पुराने विधान परिषद सदस्यों पर ही भरोसा जताया है। इस क्रम में लखनऊ स्नातक के लिए इंजी. अवनीश कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। आगरा स्नातक के लिए डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह प्रत्याशी होंगे। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक के लिए डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, लखनऊ शिक्षक चुनाव के लिए उमेश द्विवेदी और मेरठ शिक्षक चुनाव के लिए श्रीचंद शर्मा के नाम की घोषणा की गई है। ये सभी वर्तमान में भी विधान परिषद सदस्य हैं।
उम्मीदवारों के चुनाव में क्षेत्रीय पकड़, संगठनात्मक अनुभव और शिक्षकों एवं स्नातकों के बीच उनके प्रभाव को खासा महत्व दिया गया है। भाजपा इस चुनाव में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की स्ट्रैटेजी को लेकर तैयारियों में लगी हुई है।
