1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : आर्चर के बहुमुखी प्रदर्शन से रॉयल्स ने पूरी की प्लेऑफ लाइनअप, MI हारा तो PBKS व KKR भी मायूस
आईपीएल-19 : आर्चर के बहुमुखी प्रदर्शन से रॉयल्स ने पूरी की प्लेऑफ लाइनअप, MI हारा तो PBKS व KKR भी मायूस

आईपीएल-19 : आर्चर के बहुमुखी प्रदर्शन से रॉयल्स ने पूरी की प्लेऑफ लाइनअप, MI हारा तो PBKS व KKR भी मायूस

0
Social Share

मुंबई, 24 मई। वेस्टइंडीज में जन्मे अंग्रेज पेसर जोफ्रा आर्चर का बहुमुखी प्रदर्शन (32 रन, 15 गेंद, तीन छक्के, एक चौका और 3-17) राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए निर्णायक साबित हुआ, जिसने लीग चरण के अंतिम दिन रविवार को यहां मुंबई इंडियंस (MI) को 30 रनों से हरा टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) 2026 की प्लेऑफ लाइनपअप पूरी कर दी। इसके साथ प्लेऑफ की रेस में बचे दो अन्य दावेदार – गत उपजेता पंजाब किंग्स (PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी मायूस हो गए, जिनकी उम्मीदें RR की पराजय पर ही टिकी थीं।

जुरेल व आर्चर सहित अन्य बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से 205 रनों तक पहुंचा राजस्थान

वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य राजस्थान रॉयल्स को हालांकि अच्छी शुरुआत नहीं मिली थी क्योंकि ओपनरद्वय यशस्वी जायसवाल (27 रन, 17 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) व किशोरवय सनसनी वैभव सूर्यवंशी (चार रन) के अलावा एकादश में लौटे कप्तान रियान पराग (14 रन, आठ गेंद, एक छक्का, दो चौके) भी पॉवरप्ले (3-54) के अंदर ही निकल गए थे। लेकिन ध्रुव जुरेल (38 रन, 26 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व ऑर्चर सहित सहित अन्य बल्लेबाजों ने जरूरत के वक्त मोर्चा संभाला और टीम आठ विकेट पर 205 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा करने में सफल हो गई।

आर्चर ने दो बार में मुंबइया बल्लेबाजी को पटरी से उतारा

जवाबी काररवाई में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ आर्चर ने रोहित शर्मा (शून्य) व नमन धीर (छह रन, एक चौका) को अपने शुरुआती दो ओवरों में निकाल दिया और फिर उन्होंने16 वें ओवर में कप्तान हार्दिक पंड्या (34 रन, 15 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) को निबटाया तो एकबारगी मुकाबले में लौटती नजर आ रही मुंबइया पारी फिर लड़खड़ा गई।

सूर्या, जैक्स व पंड्या की कोशिशों के बावजूद मेजबान 175 रनों पर सिमटे

आर्चर को नांद्रे बर्गर (2-43), बृजेश शर्मा (2-26) व यशराज पुंजा (2-44) से भी बेहतर सहयोग मिला। नतीजा यह हुआ कि सूर्यकुमार यादव (60 रन, 42 गेंद, चार छक्के, तीन चौके), पांड्या व विल जैक्स (33 रन, 18 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) की कोशिशों के बावजूद मेजबान टीम नौ विकेट पर 175 रनों तक जाकर ठहर गई।

आठवीं जीत से अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही राजस्थानी टीम

राजस्थान रॉयल्स ने कुल 14 मैचों में आठवीं जीत से 16 अंकों के साथ ही अंक तालिका में गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस व सनराइजर्स हैदराबाद (तीनों के बराबर 18 अंक) के पीछे चौथे स्थान पर रहकर प्लेऑफ लाइनअप पूरी की। वहीं रेस से पहले ही बाहर हो चुके पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने 10 हार के बाद आठ अंकों के साथ नौवें स्थान पर रहकर अपने निराशाजनक अभियान का समापन किया।

राज्स्थान की हार की कीमत पर ही टिकतीं पंजाब व केकेआर की उम्मीदें

सच पूछें तो रविवार के डबल हेडर में पहले मैच के परिणाम के साथ ही पंजाब किंग्स व कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीदें भी ध्वस्त हो गईं। पिछली रात पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जांएट्स को हराकर 15 अंकों के साथ जहां खुद को दौड़ में बनाए रखा था वहीं आज राजस्थान की टीम हारती तो दिन के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स पर बड़ी जीत से केकेआर भी 15 अंकों तक पहुंचकर पंजाब को पीछे छोड़ने की उम्मीद पालता। लेकिन रॉयल्स ने दोनों को मायूस कर दिया। इस क्रम में कोलकाता बनाम दिल्ली मैच अपनी शुरुआत के पहले ही अर्थहीन हो गया।

राजस्थान की एलिमिनेटर में SRH से होगी मुलाकात

अब एक दिन के विश्राम के बाद प्लेऑफ के पहले क्लीफायर में आरसीबी व गुजरात टाइटंस की टीमें 26 मई को धर्मशाला में आमने-सामने होंगी जबकि अगले दिन 27 मई को न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान व सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का एलिमिनेटर मुकाबला होगा।

स्कोर कार्ड

पहले क्वालीफायर की पराजित टीम की एलिमिनेटर के विजेता से 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में क्वालीफायर 2 में टक्कर होगी और उस मैच की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में क्वालीफायर 1 के विजेता से फाइनल खेलेगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code