मुंबई, 14 अगस्त। अमेरिका व ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी गतिरोध से कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण निवेशकों की कमजोर धारणा का असर शुक्रवार को भी दिखा और घरेलू शेयर बाजार में गिरावट के साथ कारोबारी सप्ताह का समापन हुआ। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स जहां 71 अंक फिसला वहीं एनएसई निफ्टी ने लगातार चौथे दिन गिरावट देखी और 30 अंकों की कमजोरी लेकर ठहरा।
सेंसेक्स 70.71 अंक गिरकर 78,009.25 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 70.71 अंक यानी 0.09 प्रतिशत गिरकर 78,009.25 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 395.59 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 77,684.37 अंक तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध सम्पनियों में 23 के स्टॉक लाल निशान पर रुके और छह में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
निफ्टी 29.85 अंक गिरकर 24,366 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 29.85 अंक यानी 0.12 प्रतिशत गिरकर 24,366 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 39 में गिरावट दर्ज की गई।
एशियन पेंट्स के शेयर सर्वाधिक 1.69 फीसदी फिसले
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से एशियन पेंट्स के शेयर सर्वाधिक 1.69 फीसदी फिसले। इंडिगो, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक और एचसीएल टेक के शेयर भी गिरावट में रहे। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत बढ़कर 87.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 510.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत बढ़कर 87.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

