जम्मू, 6 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में कठुआ जिले के हिरानगर क्षेत्र में स्थित बोबिया सीमा चौकी (बीओपी) का दौरा कर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान को सलाम किया। इस दौरान उन्होंने वर्चुअल माध्यम से सीमा रक्षकों के लिए 250 करोड़ रुपये की कई कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
देश की सीमा प्रहरियों के कल्याण के लिए मोदी सरकार कटिबद्ध है। आज जम्मू-कश्मीर में भारत–पाकिस्तान सीमा पर बोबिया बॉर्डर आउटपोस्ट से वीर जवानों के लिए ₹250 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मेस, सोलर प्लांट व आवासीय सुविधा संबंधी ये कार्य जवानों का जीवन सुगम बनाएँगे। pic.twitter.com/MS5tUpgn6l
— Amit Shah (@AmitShah) February 6, 2026
‘ऑपरेशन सिंदूर’ में बीएसएफ ने रचा स्वर्णिम अध्याय
अमित शाह ने बीएसएफ जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में बीएसएफ हमेशा दीवार बनकर खड़ा रहा है। जब-जब देश की सीमाओं पर अतिक्रमण की कोशिश हुई, बीएसएफ ने पूरी मजबूती के साथ उसका सामना किया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी बीएसएफ ने एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है और हर मोर्चे पर अपनी वीरता और पराक्रम का प्रमाण दिया है।
बाढ़ के दौरान मानवता की मिसाल
पंजाब में आई भीषण बाढ़ का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि उस कठिन समय में भी बीएसएफ के जवानों ने न केवल सीमा की सुरक्षा की बल्कि पंजाब के नागरिकों की मदद कर मानवता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि बीएसएफ केवल सीमा सुरक्षा ही नहीं करता, बल्कि आपदा के समय आम लोगों के लिए भी ढाल बनकर खड़ा रहता है।
जम्मू-कश्मीर की बोबिया BOP पर BSF के जवानों से संवाद कर रहा हूँ… https://t.co/MTqHd6R38q
— Amit Shah (@AmitShah) February 6, 2026
जवानों के कल्याण के लिए नई योजना का एलान
केंद्रीय गृह मंत्री ने घोषणा की कि बीएसएफ जवानों के कल्याण के लिए सरकार एक नई और विशेष योजना लेकर आएगी। इसके साथ ही पूरी बॉर्डर सिक्योरिटी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के आधार पर मॉडर्नाइज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार बड़ी राशि खर्च करेगी, ताकि जवानों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
आज जम्मू-कश्मीर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित गुरनाम बॉर्डर आउट पोस्ट का दौरा किया। कठिन भौगोलिक चुनौतियों में भी हमारे जवान जिस समर्पण से सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, उससे हर युवा को राष्ट्र के प्रति कर्तव्य व सेवा की प्रेरणा मिलती है। जवानों के साथ संवाद कर मन गर्व से भर गया। pic.twitter.com/xJeeiEc2R7
— Amit Shah (@AmitShah) February 6, 2026
शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
इससे पहले अमित शाह ने बोबिया बीओपी पर स्थित शहीद स्मारक ‘अजेय प्रहरी’ पर राष्ट्र रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जवानों का त्याग और अटूट समर्पण हर देशवासी के लिए प्रेरणा है और उनके अदम्य साहस व शौर्य को नमन किया।
राष्ट्र रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को जम्मू-कश्मीर की बोबिया BOP पर शहीद स्मारक ‘अजेय प्रहरी’ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। जवानों का त्याग और अटूट समर्पण हर देशवासी के लिए प्रेरणीय है। उनके अदम्य साहस और शौर्य को नमन करता हूँ। pic.twitter.com/ylOMWadtgs
— Amit Shah (@AmitShah) February 6, 2026
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बीएसएफ को लेकर किए गए पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने बोबिया आउटपोस्ट यात्रा को लेकर पोस्ट करने की योजना बनाई, तो उन्होंने लोगों के कॉमेंट पढ़े। हर कॉमेंट बीएसएफ जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान की प्रशंसा से भरा था, जो पूरे देश की भावनाओं को दर्शाता है।
लोक भवन में शनिवार को विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे
राज्य के दो दिवसीय दौरे के दूसरे व अंतिम दिन शनिवार को गृह मंत्री लोक भवन में जम्मू-कश्मीर में चल रही विकास परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।
