
गुजरात ने रचा इतिहास: शेयर बाजार में एक करोड़ से अधिक निवेशक वाला तीसरा राज्य बना
नई दिल्ली, 4 जुलाई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, गुजरात देश का तीसरा राज्य बन गया है जहां पंजीकृत शेयर बाजार निवेशकों की संख्या एक करोड़ के पार पहुंच गई है। इस सूची में अब महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के साथ गुजरात भी शामिल हो गया है। ये तीनों राज्य मिलकर देश के कुल निवेशक आधार का 36% हिस्सा रखते हैं।
मई 2025 के अंत तक देश में कुल पंजीकृत निवेशकों की संख्या लगभग 11.5 करोड़ पहुंच गई है। सिर्फ मई माह में ही 11 लाख से अधिक नए निवेशक जुड़े, जिससे पिछले महीने की तुलना में 9% की वृद्धि दर्ज की गई। यह बढ़त लगातार चार महीनों की गिरावट के बाद देखने को मिली है।
- क्षेत्रवार स्थिति
NSE के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर भारत 4.2 करोड़ निवेशकों के साथ सबसे आगे है, जबकि पश्चिम भारत में 3.5 करोड़ निवेशक हैं। दक्षिण भारत में 2.4 करोड़ और पूर्वी भारत में 1.4 करोड़ निवेशक हैं।
पिछले एक वर्ष में निवेशकों की संख्या में सर्वाधिक वृद्धि उत्तर और पूर्व भारत में दर्ज हुई है, जहां क्रमशः 24% और 23% की बढ़ोतरी हुई। दक्षिण भारत में 22% और पश्चिम भारत में 17% की वृद्धि देखी गई।
- निवेशक वृद्धि दर में कमी
हालांकि कुल निवेशकों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन हाल के महीनों में इसमें कमी भी आई है। फरवरी 2024 में देश ने 9 करोड़ निवेशक का आंकड़ा पार किया था। इसके बाद अगले छह महीनों में यह संख्या 10 करोड़ (अगस्त 2024) और फिर 11 करोड़ (जनवरी 2025) तक पहुंच गई।
लेकिन फरवरी से मई 2025 के बीच निवेशक वृद्धि दर धीमी हो गई। इस दौरान हर महीने औसतन 10.8 लाख नए निवेशक जुड़े, जबकि 2024 में यह मासिक औसत 19.3 लाख था।