1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. काशी में भव्य देव दीपावली – सीएम योगी संग विदेशी मेहमानों ने क्रूज से अद्भुत एवं अकल्पनीय छटा निहारी
काशी में भव्य देव दीपावली – सीएम योगी संग विदेशी मेहमानों ने क्रूज से अद्भुत एवं अकल्पनीय छटा निहारी

काशी में भव्य देव दीपावली – सीएम योगी संग विदेशी मेहमानों ने क्रूज से अद्भुत एवं अकल्पनीय छटा निहारी

0
Social Share

वाराणसी, 27 नवम्बर। भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में उत्तर वाहिनी गंगा के किनारे अर्धचंद्राकार घाटों पर होने वाली भव्य देव दीपावली का सोमवार की शाम नमो घाट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विदेशी मेहमानों के साथ दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

सीएम योगी एवं केंद्रीय मंत्री ने विदेशी मेहमानों के साथ क्रूज पर बैठकर काशी के सभी गंगा घाटों पर जलाए गए दीप मालिकाओं का दृष्यावलोकन किया। नमो घाट पर विदेशी मेहमानों ने मुख्यमंत्री के साथ फोटो भी खिंचवाई।

काशी में अर्धचंद्राकार घाटों पर होने वाले भव्य देव दीपावली की पहचान अब प्रदेश के मेले के रूप में शामिल हैं। प्रदेश सरकार ने देवताओं के उत्सव देव दीपावली को राजकीय मेला घोषित कर दिया है। सभी 84 घाटों पर देव दीपावली के आयोजन के लिए सजाने और संवारने का कार्य भव्य तरीके से किया गया।

70 देशों के राजदूत के साथ ही 150 विदेशी डेलीगेट्स भी बने दीपमालाओं के साक्षी

इस बार घाटों पर सजी दीपमालाओं के साक्षी 70 देशों के राजदूत के साथ ही 150 विदेशी डेलिगेट्स और उनके परिजन भी बने। इसमें इंडोनेशिया, इटली, चीन, पोलैंड, रूस, नेपाल, भूटान, ग्रीस समेत अन्य देशों के राजदूत, उच्चायुक्त व शीर्ष अधिकारी शामिल हैं, जिन्होंने देव दीपावली की इस अद्भुत एवं अकल्पनीय छटा खूब निहारी। मेहमानों को विवेकानंद क्रूज से देव दीपावली और गंगा पार होने वाली आतिशबाजी का नजारा दिखाया गया।

विदेशी मेहमानों ने लेजर और क्रैकर शो का भी लुफ्त उठाया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विदेशी मेहमानों का स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सभी मेहमान देव दीपावली के अविस्मरणीय पलों के साक्षी बने। मेहमान दोपहर बाद एयरपोर्ट से नमो घाट आए। यहां से क्रूज पर सवार होकर देव दीपावली के भव्य नज़ारे को कैद किया।

भारतीय परंपरानुसार एयरपोर्ट पर मेहमानों का स्वागत किया गया। वहीं एयरपोर्ट समेत विभिन्न स्थानों पर लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। स्वागत के लिए रास्तों और चौराहों को सजाया गया है। विदेशी मेहमानों ने लेजर और क्रैकर शो का भी लुफ्त उठाया।

70 देशों के राजदूत व 150 विदेशी डेलिगेट्स के एयरपोर्ट पहुंचने पर जहां परंपरागत तरीके से टीका लगाकर व अंगवस्त्र भेटकर उनका स्वागत हुआ, वहीं नमो घाट पर भी उनका स्वागत सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच किया गया। इस दौरान विदेशी मेहमानों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का खूब लुत्फ उठाया।

 

गंगा किनारे घाटों पर उमड़ी लाखों की भीड़

गंगा किनारे सभी घाटों पर 12 लाख दीपों की जगमगाहट, चेत सिंह घाट और श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर आयोजित लाइट एंड साउंड लेजर शो, गंगा उस पार रेती पर आयोजित ग्रीन आतिशबाजी और डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट, दशाश्वमेध घाट व अस्सी घाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर हुई भव्य गंगा आरती निहारने के लिए लाखों की भीड़ उमड़ पड़ी।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी दौरे के क्रम में एयरपोर्ट पहुंचने पर सांसद मछलीशहर बीपी सरोज, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्या, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुशील सिंह, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस राजलिंगम समेत विभिन्न अधिकारियों व पार्टी पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री एयरपोर्ट से सीधे नमो घाट पहुंचे। उसके बाद वहां से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया तथा सतुआ बाबा मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code