कर्नाटक : बेंगलुरु में जुए के लती एक बैंक कर्मचारी ने लॉकर से चुराया 2.7 किग्रा सोना

बेंगलुरु, 15 फरवरी। बेंगलुरु में एक राष्ट्रीयकृत बैंक के असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर को कस्टमर के लॉकर से लगभग 2.7 किलोग्राम सोने के गहने चुराने और उन्हें ऑनलाइन बेटिंग और जुए के लिए गिरवी रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान 34 वर्षीय किरण कुमार के रूप में हुई है। खबर है कि उसने लॉकर की चाबियों का गलत इस्तेमाल किया और जब ब्रांच मैनेजर नहीं होते थे तो उसने धीरे-धीरे गिरवी रखे सोने की थोड़ी-थोड़ी मात्रा निकाल ली।

राष्ट्रीयकृत बैंक के असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर ने अपना जुर्म कबूला

सोने की चोरी का पता गत दो जनवरी को चला, जब कस्टमर अपनी गिरवी रखी ज्वेलरी लेने इंडियन बैंक ब्रांच गए। लॉकर वैरिफिकेशन के दौरान गड़बड़ियां सामने आईं। उसके बाद डिटेल में जांच की गई, जिसमें पता चला कि 21 पैकेट से ज्वेलरी थोड़ी गायब थी और तीन से पूरी तरह गायब थी। शुरुआती जांच में अनुमान है कि 2,783 ग्राम सोना चोरी हो गया था, जिसकी कीमत लगभग चार करोड़ रुपये है।

गड़बड़ी पकड़ में आने के बाद स्थानीय पुलिस स्टेशन में अधिकृत शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच पड़ताल के क्रम में जल्द ही आरोपित कुमार को कस्टडी में ले लिया गया और शुरुआती पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

अब तक लगभग 1.2 किलो ग्राम सोना बरामद

पुलिस सूत्रों के अनुसार कुमार ने चोरी का सोना अलग-अलग दुकानों पर गिरवी रखा और उससे मिले पैसे का इस्तेमाल ऑनलाइन बेटिंग और जुए में किया। अब तक अधिकारियों ने लगभग 1.2 किलो ग्राम सोना बरामद किया है। बाकी कीमती सामान बरामद करने के लिए आगे की जांच चल रही है। कुछ फाइनेंसर सहयोग नहीं कर रहे हैं, इसलिए पुलिस कोर्ट से जरूरी निर्देश मांग सकती है। इस बीच, बैंक ने उन्होंने ग्राहकों से अपने लॉकर में रखे सामान को रेगुलर वैरिफाई करने और अपने कीमती सामान को सुरक्षित रखने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular