TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ FIR दर्ज, NCW चीफ रेखा शर्मा पर की थी अभद्र टिप्पणी

नई दिल्ली, 7 जुलाई। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने रविवार को पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

दरअसल, लोकसभा के पिछले कार्यकाल में ‘पैसे लेकर सवाल पूछने’ के आरोप में सदन की सदस्यता से निष्कासित की जा चुकीं मोइत्रा ने ‘एक्स’ पर शेयर किए गए एक वीडियो के साथ एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष रेखा शर्मा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। उस वीडियो में उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई भगदड़ के स्थल पर एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष के पहुंचने को दिखाया गया था, जिस पर टिप्पणी करते हुए महुआ ने लिखा था, ‘वह अपने बॉस का पजामा संभालने में बहुत व्यस्त हैं।’ विवाद बढ़ने पर महुआ ने वह पोस्ट हटा ली थी।

रेखा शर्मा ने बीते शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई थी और उनके प्रति अभद्र भाषा के इस्तेमाल करने पर सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 के तहत मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस ने महुआ की तरफ से रेखा शर्मा पर की गई अभद्र टिप्पणी से जुड़ी जानकारी भी माइक्रो ब्‍लॉगिंग साइट ‘एक्‍स’ से मांगी है।

इस मामले को लेकर एनसीडब्ल्यू की ओर से एक पोस्ट भी जारी की गई थी, जिसमें कहा गया था कि अभद्र टिप्पणी अपमानजनक है और यह गरिमा के साथ रहने के एक महिला के अधिकार का उल्लंघन है। आयोग ने पाया कि यह टिप्पणी भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 79 के अंतर्गत आती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular