बिहार : लोकसभा टिकट के नाम पर करोड़ों ठगने के आरोप में तेजस्वी व मीसा भारती सहित 6 के खिलाफ एफआईआर

पटना, 19 सितम्बर। बीते लोकसभा चुनाव में टिकट के नाम पर करोड़ों रुपए ठगने के कथित आरोप में राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उनकी बहन व राज्यसभा सांसद मीसा भारती सहित छह लोगों के खिलाफ राजधानी पटना के कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

भागलपुर लोकसभा सीट से टिकट के लिए पांच करोड़ लेने का आरोप

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता व अधिवक्ता संजीव कुमार सिंह ने पटना के सीजेएम की अदालत में गत 18 अगस्त को एक परिवाद पत्र दायर किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि भागलपुर से लोकसभा चुनाव का टिकट देने के बदले उन्होंने 15 जनवरी, 2019 को तेजस्वी यादव और मदन मोहन झा को पांच करोड़ रुपये दिए थे। लेकिन टिकट दूसरे को दे दिया गया।

पटना कोतवाली में मामला दर्ज, जांच शुरू

इस मामले में पटना सिविल कोर्ट के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए परिवाद पत्र कोतवाली थाने को भेजा था। पटना के एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा के माध्यम से भेजे गए परिवाद पत्र को ही प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश अदालत ने कोतवाली थानाध्यक्ष को दिया था। उसके आधार पर कोतवाली थानाध्यक्ष ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा भी आरोपित

अधिवक्ता संजीव ने इस मामले में तेजस्वी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मामले में तेजस्वी और मीसा भारती के अलावा बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा और राजेश राठौर को भी आरोपित बनाया गया था।

संजीव कुमार सिंह का आरोप है कि लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं देने पर विधानसभा चुनाव में उन्हें गोपालपुर और उनके भाई को रुपौली सीट से टिकट देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन नहीं दिया गया। उन्होंने दावा किया है कि राजद कार्यालय में तेजस्वी यादव और मदन मोहन झा के हाथों में पांच करोड़ रुपये दिए थे। टिकट नहीं मिलने पर जब उन्होंने तेजस्वी यादव से संपर्क किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular