1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. पंजाब : फौजा सिंह सरारी का भगवंत मान कैबिनेट से इस्तीफा, बलबीर सिंह ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली
पंजाब : फौजा सिंह सरारी का भगवंत मान कैबिनेट से इस्तीफा, बलबीर सिंह ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली

पंजाब : फौजा सिंह सरारी का भगवंत मान कैबिनेट से इस्तीफा, बलबीर सिंह ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली

0
Social Share

चंडीगढ़, 7 जनवरी। पंजाब में मुख्यमंत्री भगवत मान के मंत्रिमंडल में शनिवार को फेरबदल देखने को मिला। दरअसल, सबसे पहले दिन में आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री फौजा सिंह सरारी ने कैबिनेट से इस्तीफा दिया और शाम होते-होते ‘आप’ के पटियाला ग्रामीण के विधायक डॉ. बलबीर सिंह ने नए कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ले ली।

यह घटनाक्रम फौजा सिंह सरारी के कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा देने के कुछ ही समय बाद हुआ है। सरारी एक ऑडियो क्लिप को लेकर विवाद में फंस गए थे, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कुछ ठेकेदारों को ‘उगाही’ के लिए ‘फंसाने’ के तरीकों पर चर्चा की थी।

पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने शनिवार शाम राजभवन में मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में बलबीर सिंह को कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई। आंख के सर्जन सिंह ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में पटियाला ग्रामीण सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ब्रह्म मोहिंद्रा के बेटे मोहित मोहिंद्रा को हराया था।

कथित तौर पर पैसा वसूली से संबंधित ऑडियो क्लिप हुआ था वायरल

इससे पहले दिन में सरारी ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। ‘आप’ की पंजाब इकाई के प्रवक्ता मलविंदर सिंह कांग ने कहा कि सरारी ने ‘निजी कारणों’ का हवाला देते हुए मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। कुछ महीने पहले एक ऑडियो क्लिप सामने आई थी, जिसमें वह कथित तौर पर ‘पैसा वसूली के लिए कोई सौदा पक्का’ करते सुनाई दे रहे हैं।

सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख प्रवक्ता मलविंदर सिंह ने बताया कि सरारी ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पंजाब में विपक्षी दल ऑडियो क्लिप को लेकर सरारी को बर्खास्त एवं गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। हालांकि सरारी ने अपने विरुद्ध लगे आरोपों को खारिज किया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code