पूर्वोत्तर के 3 राज्यों में चुनाव घोषित – त्रिपुरा में 16 फरवरी, मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को पड़ेंगे वोट, 2 मार्च को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली, 18 जनवरी। भारत निर्वाचन आयोग बुधवार को पूर्वोत्तर के तीन राज्यों – त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी। तीनों विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च में अलग-अलग तारीखों पर खत्म हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि त्रिपुरा चुनाव के लिए मतदान 16 फरवरी को होंगे जबकि मेघालय और नागालैंड चुनाव के लिए मतदान 27 फरवरी को होंगे। दो मार्च को तीनों राज्यों में मतगणना होगी। त्रिपुरा में जहां भाजपा की सरकार है वहीं मेघालय और नागालैंड में भाजपा सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है।

नागालैंड विधानसभा का कार्यकाल 12 मार्च, मेघालय विधानसभा का 15 मार्च और त्रिपुरा विधानसभा का कार्यकाल 22 मार्च को समाप्त हो रहा है। 2018 में इन तीनों राज्यों में दो चरणों में चुनाव हुआ था। पहले चरण में 18 फरवरी को त्रिपुरा में जबकि 27 फरवरी को दूसरे चरण में मेघालय और नागालैंड में वोटिंग हुई थी। तीन मार्च, 2018 को नतीजे आए थे।

तीनों राज्यों में 60-60 विधानसभा सीटें, कुल 1.76 से अधिक नए मतदाता

त्रिपुरा चुनाव के लिए अधिसुचना 21 जनवरी को जारी होगी और नामांकन की अंतिम तिथि 30 जनवरी है। तीनों राज्यों में बराबर 60-60 विधानसभा सीटें हैं। किसी भी पार्टी को बहुमत के लिए 31 सीटें चाहिए। इन राज्यों के चुनाव में भाग लेने के लिए 1.76 लाख से अधिक मतदाता पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

तीनों राज्यों में संयुक्त रूप से 62.8 लाख से अधिक मतदाता

राजीव कुमार ने कहा कि कुछ मतदान केंद्र पूरी तरह से विकलांगजनों और महिला कर्मचारियों के लिए होंगे। नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा के 376 पीएस में महिलाओं की कमान होगी। नागालैंड, मेघालय और त्रिपुरा में संयुक्त रूप से 62.8 लाख से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 31.47 लाख महिला मतदाता, 80 वर्ष से ज्यादा आयु के 97,000 मतदाता और 31,700 विकलांग मतदाता शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular