Homeहिन्दीराष्ट्रीयDussehra 2022: बुराई पर विजय का पर्व दशहरा आज, पीएम मोदी व...

Dussehra 2022: बुराई पर विजय का पर्व दशहरा आज, पीएम मोदी व राहुल गांधी समेत इन हस्तियों ने दी लोगों को बधाई

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर। देशभर में आज दशहरा का त्योहार मनाया जा रहा है। इस त्योहार को विजयदशमी भी कहा जाता है। देश में अलग-अलग जगहों बेहद अनोखे अंदाज से इस त्योहार को मनाया जाता है। मेलों का आयोजन होता है तो वहीं आज के दिन रावण का पुतला जलाया जाता है। दशहरा के त्योहार पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा ये त्योहार लोगों के जीवन में साहस लेकर आए।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, सभी देशवासियों को विजय के प्रतीक-पर्व विजयादशमी की बहुत-बहुत बधाई। मेरी कामना है कि यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में साहस, संयम और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की जीत का यह महापर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार करे।

  • राहुल गांधी ने दी देशवासियों को बधाई

कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी ने भी इस मौके पर देशवासियों को दशहरा की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, नफरत की लंका जले, हिंसा का मेघनाद मिटे, अहंकार के रावण का अंत हो सत्य और न्याय की विजय हो। समस्त देशवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं।

  • SS प्रमुख मोहन भागवत ने संघ कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

बता दें, दशहरा के मौके पर आज आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर के रेशमीबाग में संघ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने संबोधन से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शस्त्र पूजन की परंपरा निभाई। मोहन भागवत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, शक्ति ही शुभ और शांति का आधार है।

उन्होंने कहा कि, दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। आर्थिक संकट से जूझ रहे लंका की हमने मदद की साथ ही यूक्रेन-रूस युद्ध में हमने देश के हित को आगे रखा। इसके अलावा, देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दशहरा की देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, विजयादशमी के पावन पर्व की सभी देशवासियों को शुभकामनाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments