1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. दिनेश गुणवर्धने श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने मंत्रिमंडल को दिलाई शपथ
दिनेश गुणवर्धने श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने मंत्रिमंडल को दिलाई शपथ

दिनेश गुणवर्धने श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने मंत्रिमंडल को दिलाई शपथ

0
Social Share

कोलंबो, 22 जुलाई। वरिष्ठ नेता दिनेश गुणवर्धने को शुक्रवार को श्रीलंका का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। गुणवर्धने को गत अप्रैल में पूर्व राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के कार्यकाल के दौरान गृह मंत्री बनाया गया था। वह विदेश मंत्री और शिक्षा मंत्री के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

नई कैबिनेट में 18 मंत्री शामिल

इसी क्रम में श्रीलंका के नए राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने अपने मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई। नई कैबिनेट में 18 मंत्रियों को शामिल किया गया है।

गौरतलब है कि विक्रमसिंघे के राष्ट्रपति बनने के बाद प्रधानमंत्री पद खाली हो गया था। छह बार प्रधानमंत्री रह चुके विक्रमसिंघे ने गुरुवार (21 जुलाई) को देश के आठवें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण की थी। इससे पहले बुधवार (20 जुलाई) को हुए राष्ट्रपति चुनाव में 225 सदस्यीय संसद में विक्रमसिंघे को 134 वोट मिले। विक्रमसिंघे अब गोटबाया राजपक्षे के बाकी बचे कार्यकाल तक राष्ट्रपति पद पर बने रहेंगे, जो नवंबर 2024 में खत्म होगा।

गंभीर आर्थिक संकट झेल रहे श्रीलंका में पिछले दिनों हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास में घुस गए थे, जिसके बाद गोटाबाया राजपक्षे देश छोड़कर फरार हो गए थे और अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पीएम रानिल विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया गया था।

फिलहाल देश में राजनीतिक स्थिरता लाने की भले ही कोशिश की गई है, लेकिन इससे आर्थिक संकट कितना कम होगा, यह कहना अब भी मुश्किल है। देश में ईंधन सहित तमाम जरूरी चीजों की कमी हो गई है। 2.2 करोड़ की आबादी की मूल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अगले महीनों में करीब पांच अरब डॉलर की आवश्यकता है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code