1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. दिग्विजय सिंह का हिमंत बिस्वा सरमा पर पलटवार – ‘न भूलें कि वो आज जो भी हैं, राहुल गांधी की बदौलत हैं’
दिग्विजय सिंह का हिमंत बिस्वा सरमा पर पलटवार – ‘न भूलें कि वो आज जो भी हैं, राहुल गांधी की बदौलत हैं’

दिग्विजय सिंह का हिमंत बिस्वा सरमा पर पलटवार – ‘न भूलें कि वो आज जो भी हैं, राहुल गांधी की बदौलत हैं’

0
Social Share

बुरहानपुर, 23 नवम्बर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के उस बयान को शर्मनाक बताया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी की चेहरे पर टिप्पणी करते हुए उसे इराकी तानाशाह सद्दाम हुसैन की तरह बताया था।

भारत जोड़ो यात्रा आज मध्य प्रदेश में प्रवेश के दौरान  दिग्विजय सिंह ने हिमंत सरमा के बयान को आपत्तिजनक बताते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया और कहा कि सरमा को यह नहीं भूलना चाहिए कि आज वो सत्ता की मलाई काट रहे हैं तो उसमें राहुल गांधी का भी बहुत बड़ा योगदान है। हिमंत सरमा के बयान से न केवल दिग्विजय सिंह बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी बेहद गुस्से से भर उठी है और ऐसी व्यक्तिगत टिप्पणी के लिए हिमंता बिस्वा सरमा के साथ-साथ भाजपा को भी जमकर खरी-खोटी सुना रही है।

हिमंत ने कहा था – राहुल गांधी अब सद्दाम हुसैन की तरह दिखाई दे रहे

दरअसल इस विवाद की शुरूआत उस समय हुई, जब गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में असम के मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि राहुल गांधी का चेहरा बदलता जा रहा है और अब वो सद्दाम हुसैन की तरह दिखाई दे रहे हैं।

दिग्विजय बोले – ‘ऐसी बातें करते हुए उन्हें शर्म आनी चाहिए

हिमंत सरमा के इस बयान पर पलटवार करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस तरह की बात करने के लिए उन्हें शर्म आनी चाहिए। वो भला इस तरह से राहुल गांधी के बारे में अनर्गल बाते कैसे कह सकते हैं। दिग्विजय ने कहा, ‘हिमंत बिस्वा सरमा को यह बात कभी नहीं भूलनी चाहिए कि वो आज जो कुछ भी हैं, उसमें राहुल गांधी का बहुत बड़ा योगदान है। इसलिए उन्हें सोच समझकर और संभलकर बोलना चाहिए।’

गौरतलब है कि हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा था, ‘मैंने कुछ दिन पहले एक टेलीविज़न इंटरव्यू में कहा था कि राहुल गांधी के चेहरे से उन्हें कोई समस्या नहीं है, लेकिन अगर उनको चेहरा बदलना ही है तो कम से कम उसे वल्लभभाई पटेल या फिर जवाहरलाल जैसा बनाएं। वो गांधीजी की तरह से भी अपना चेहरा बना सकते हैं, लेकिन अभी तो वो सद्दाम हुसैन की तरह दिखते हैं।’

इतना ही नहीं असम के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि कांग्रेस की संस्कृति कभी भारत जैसी नहीं थी। कांग्रेस का व्यवहार उनके करीब है, जो अभी तक भारत को नहीं समझ पाए हैं। हिमंत बिस्वा सरमा भाजपा के स्टार प्रचारक के तौर पर न केवल विधानसभा चुनाव में बल्कि दिल्ली एमसीडी के चुनाव में भी भाजपा के लिए कैंपेन कर रहे हैं और इस दौरान वो रोजाना कुछ न कुछ ऐसे बयान दे रहे हैं, जो मीडिया की सुर्खियां बन रहे हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code