दिल्ली सरकार ने महिलाओं-ट्रांसजेंडर्स के लिए लॉन्च किया ‘पिंक सहेली कार्ड’, बसों में मुफ्त सफर के साथ अन्य सुविधाएं
नई दिल्ली, 2 मार्च। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को अब डीटीसी बसों में मुफ्त सफर करने के लिए पुरानी कागजी पिंक टिकट लेने का झंझट से मुक्ति मिलने वाली है। इस क्रम में दिल्ली सरकार ने सोमवार को ‘पिंक सहेली कार्ड’ लॉन्च कर दिया है। यह एक स्मार्ट कार्ड होगा, जो न सिर्फ बसों में काम करेगा बल्कि इसे मेट्रो में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
आज से दिल्ली की महिलाओं के लिए सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड का शुभारंभ हुआ है।
कार्ड एक, फायदे अनेक ⬇️
🔸 डीटीसी बसों में फ्री सफर
🔸 मेट्रो और RRTS में सहज यात्रा
🔸 समय की बचत और सुविधा#SashaktNaariSamriddhDelhi#DaughtersOfDelhi pic.twitter.com/VUPBbf8o1L— CMO Delhi (@CMODelhi) March 2, 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस योजना की शुरुआत की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज एक खास कार्यक्रम में इस योजना की शुरुआत की। इस कार्ड को बनवाना काफी आसान होगा। रेखा गुप्ता सरकार दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में करीब 50 सेंटर खोलने जा रही है। ये सेंटर जिला मजिस्ट्रेट और एसडीएम ऑफिस के अलावा डीटीसी के कुछ खास ठिकानों पर बनाए जाएंगे। खास बात यह है कि यह ‘पिंक सहेली कार्ड’ पूरी तरह मुफ्त होगा, यानी इसे बनवाने के लिए आपको अपनी जेब से कोई पैसा नहीं देना होगा।
मुफ्त में बनेगा ‘पिंक सहेली कार्ड‘, आधार और मोबाइल नंबर से होगा लिंक
सुरक्षा और सही पहचान के लिए हर कार्ड को लाभार्थी के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से जोड़ा जाएगा। इससे यह पक्का हो सकेगा कि कार्ड बनवाने वाला शख्स दिल्ली का ही रहने वाला है और उसकी उम्र और जेंडर की जानकारी भी सही है। इस डिजिटल सिस्टम से अब सफर ‘टच-फ्री’ हो जाएगा। यानी बस में चढ़ते समय बस कार्ड मशीन पर टच करना होगा और आपका टिकट मिल जाएगा।
आज दिल्ली की हर बेटी और हर महिला के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। यह नारी शक्ति और नारी सशक्तिकरण के नए अध्याय का आरंभ है।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज शुरू हुई ये योजनाएं बदलती दिल्ली की नई सोच का प्रतिबिंब हैं।
यह देश की सोच बदलने वाली… pic.twitter.com/2puQEoWDIL
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) March 2, 2026
एक कार्ड के कई फायदे
वस्तुतः यह एक स्मार्ट मोबिलिटी कार्ड है और इसके कई फायदे मिलेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि जो महिलाएं दिल्ली की रहने वाली हैं, उन्हें डीटीसी बसों में तो मुफ्त यात्रा मिलेगी ही, साथ ही वे इसी एक कार्ड से दिल्ली मेट्रो और रैपिड रेल में भी सफर कर सकेंगी। मेट्रो के लिए कार्ड में पैसे डलवाने होंगे, लेकिन अब अलग-अलग सफर के लिए अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सहूलियत के लिए तीन अलग-अलग रंगों के कार्ड जारी किए जाएंगे
सफर को आसान बनाने के लिए सरकार ने तीन अलग-अलग रंगों के कार्ड जारी करने का फैसला किया है। इनमें महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को ‘पिंक कार्ड’ दिया जाएगा, जिससे वे बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। वहीं, आम यात्रियों के लिए ‘ब्लू कार्ड’ होगा, जो बिल्कुल मेट्रो कार्ड की तरह काम करेगा। इसके अलावा, जो लोग मंथली पास बनवाकर चलते हैं, उनके लिए ‘ऑरेंज कार्ड’ लाया जाएगा, जिसकी सुविधा थोड़े समय बाद शुरू होगी।
ऑनलाइन भी मिलेगी जानकारी
कार्ड बनवाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया गया है। साथ ही एक गाइड मैनुअल भी जारी किया गया है, जिसे पढ़कर आप कार्ड के बारे में पूरी जानकारी ले सकते हैं। इस नई व्यवस्था से न केवल महिलाओं का पैसा बचेगा बल्कि सरकारी बसों में सफर भी पहले से ज्यादा हाई-टेक और सुरक्षित हो जाएगा।
