अटलांटा, 16 जुलाई। गत चैंपियन अर्जेंटीना ने बुधवार को यहां FIFA विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 84वें मिनट तक एक गोल से पिछड़ने के बाद असाधारण वापसी की और स्टॉपेज टाइम के गोल से 2-1 की जीत के सहारे लगातार दूसरी और कुल सातवीं बार फाइनल में जगह सुरक्षित कर ली। तीन बार की चैम्पियन लैटिन अमेरिकी टीम अब रविवार को यूरोपीय पावरहाउस स्पेन के खिलाफ उपाधि रक्षा के लिए उतरेगी।
Argentina are headed back to the #FIFAWorldCup Final 🇦🇷
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 15, 2026
गोलरहित प्रथमार्ध के बाद एंथनी गोर्डन ने 55वें मिनट में इंग्लैंड का खाता खोला
अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच का पहला हाफ गोल रहित बराबरी पर छूटा। मध्यांतर बाद 55वें मिनट में एंथनी गोर्डन के गोल से इंग्लैंड ने बढ़त ले ली। इंग्लैंड ने यह बढ़त अगले 30 मिनट तक बरकरार रखने के साथ अर्जेंटीना की धड़कनें बढ़ा दी थीं।
The Final is set: 🇪🇸🆚🇦🇷#FIFAWorldCup pic.twitter.com/3M7bZ7cXjD
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 15, 2026
फर्नांडीज ने अर्जेंटीना को दिलाई बराबरी तो मार्टिनेज ने किया निर्णायक गोल
लेकिन एंजो फर्नांडीज ने 85वें मिनट में कद्दावर कप्तान लियोनेल मेसी के पास पर अर्जेंटीना को बराबरी दिलाई और स्टॉपेज टाइम के दूसरे मिनट में मेसी के ही क्रॉस पर स्थानापन्न लॉटेरो मार्टिनेज ने हेडर से टीम की रोमांचक जीत पर अंतिम मुहर लगा दी।

कप्तान लियोनेल मेसी ने फिर बिखेरा जलवा, टीम के दोनों गोलों में की मदद
अर्जेंटीनी कप्तान लियोनल मेसी की बात करें तो उन्होंने पहले हाफ में जूझने के बाद दूसरे हाफ के अंतिम लम्हों में अपना जलवा बिखेरा और टीम के दोनों गोलों में मदद की। मेसी ने पहले हाफ में विरोधी खिलाड़ियों को 15 बार गेंद गंवाई, जो किसी बड़े टूर्नामेंट में 2018 से उनका सबसे खराब प्रदर्शन था।
Back-to-back #FIFAWorldCup Finals for Argentina 😤 pic.twitter.com/VfmPqqlEYL
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 15, 2026
लेकिन बेहद दबाव के बीच मैच के अंतिम लम्हों में उन्होंने दिखाया कि आखिर क्यों उन्हें दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शुमार किया जाता है। यही वजह थी कि उन्हें एक बार फिर मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
पहले हाफ में दोनों टीमें प्रभावी मूव बनाने में जूझती दिखीं
मैच पर गौर करें तो पहले हाफ में अधिकतर समय दोनों टीमें प्रभावी मूव बनाने के लिए जूझती नजर आईं, जिससे दोनों ही गोलकीपर को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन साथ ही सतर्क रवैया भी अपनाया, जिससे शुरुआती 12 मिनट में आठ फाउल हुए, लेकिन गोल की तरफ एक भी शॉट नहीं लगा। अर्जेंटीना ने इसमें से पांच जबकि इंग्लैंड ने तीन फाउल किए।

अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने शुरुआती 20 मिनट में गेंद को अधिक समय अपने कब्जे में रखा, लेकिन टीम कोई प्रभावी मूव बनाने में नाकाम रही। हालांकि अर्जेंटीनी टीम भाग्यशाली रही कि उसके खिलाड़ियों के रफ खेल के बावजूद शुरुआती 30 मिनट में उसके किसी खिलाड़ी को पीला कार्ड नहीं दिखाया गया।
एंजो फर्नांडीज ने चौथे मिनट में इलियट एंडरसन और फिर 32वें मिनट में टीम के पेनाल्टी एरिया में ज्यूड बेलिंघम के खिलाफ फाउल किया, लेकिन अमेरिकी रेफरी इस्माइल एलफेथ ने उन्हें पीला कार्ड नहीं दिखाया। अर्जेंटीनी खिलाड़ी के फाउल पर इंग्लैंड को 37वें मिनट में फ्री किक मिली। जेम्स ने इसे बाईं तरफ से गोल की तरफ पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन एमिलियानो मार्टिनेज ने आसानी से खतरे को टाल दिया।
अंग्रेजों ने मेसी के खिलाफ जान बूझकर फाउल करने की कोशिश की
कप्तान हैरी केन और एंथनी गोर्डन ने लियोनल मेसी के खिलाफ जान बूझकर फाउल करने की कोशिश की। इसी क्रम में अर्जेंटीनी दिग्गज के खिलाफ फाउल करने पर एंडरसन को मैच का पहला पीला कार्ड दिखाया गया। रेफरी एलफेथ ने 42वें मिनट में मोर्गन रोजर्स को खींचने के लिए अर्जेंटीना के लिसांड्रो मार्टिनेज को भी पीला कार्ड दिखाया। बेलिंघम ने इस बीच स्पेंस के पास पर गेंद को आगे बढ़ाया, लेकिन अर्जेंटीना की रक्षापंक्ति ने उनके प्रयास को आसानी से विफल कर दिया।

दूसरे हाफ की शुरुआत में, मेसी के पास पर जूलियन अल्वारेज ने प्रत्याक्रमण करते हुए गोल पर शॉट मारा, इसपर पिकफोर्ड ने हाथ लगाया तो अर्जेंटीना ने कॉर्नर की अपील की। लेकिन इससे कुछ नहीं हुआ। इसके बाद 50वें मिनट में क्रिस्टियन रोमेरो को जूड बेलिंघम को गोल की ओर बढ़ते समय रोकने के लिए येलो कार्ड मिला।
अर्जेंटीना ने इंग्लैंड के हाफ में गेंद अपने पास रखी और 54वें मिनट में परेडेस ने एक शॉट मारा, जो बाहर चला गया। वहीं प्रत्याक्रमण पर इंग्लैंड ने बढ़त बना ली, जब एंथनी गोर्डन ने सही समय पर दौड़ लगाई और रोजर्स के क्रॉस पर एमी मार्टिनेज को छकाते हुए गोल कर दिया।

मैच के 58वें मिनट में स्पेंस ने शानदार टैकल करके सिमियोन को गोल करने से रोका, जो दाईं ओर से गोल की ओर बढ़ रहे थे। अर्जेंटीना ने 64वें मिनट में बदलाव किया और परेडेस की जगह मैदान पर आते ही निको गोंजालेज असर दिखाया। गोंजालेज ने मेसी के कॉर्नर से आए शानदार क्रॉस पर हेडर मारा, लेकिन पिकफोर्ड ने उसे रोक दिया।

हाइड्रेशन ब्रेक के बाद 4 बदलाव से ज्यादा आक्रामक दिखी अर्जेंटीनी टीम
हाइड्रेशन ब्रेक के बाद अर्जेंटीना ने चार बदलाव किए और इसी क्रम में डी पॉल व लॉटेरो मार्टिनेज मैदान पर आए। यहीं से अर्जेंटीना का खेल थोड़ा ज्यादा आक्रामक दिखने लगा। 79वें मिनट में इंग्लैंड ने तेजी से आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन रोजर्स का शॉट डिफेंडर से टकरा गया।
Enzo Fernandez Equalizer goal in England vs Argentina FIFA World Cup Semifinal game https://t.co/vzRwC6zULv
— Daily Foot Vibes (@dailyfootvibes) July 15, 2026
सच पूछें तो अंतिम क्षणों में पिकफोर्ड के लिए कुछ मिनट घबराहट भरे रहे। इसी क्रम में अर्जेंटीना को कॉर्नर मिला। कॉर्नर से एक मूव बना और एंजो फर्नांडीज ने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट मारकर बराबरी का गोल किया। VAR की मदद ली गई और गोल को सही माना गया। इसके बाद नौ मिनट का स्टॉपेज टाइम दिया गया और जल्द ही लॉटेरो मार्टिनेज ने मेसी के क्रॉस पर हेडर मारकर अर्जेंटीना की जीत पक्की कर दी।

Two fixtures remaining…#FIFAWorldCup pic.twitter.com/MIgkZPB4Jm
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 15, 2026
इंग्लैंड व फ्रांस के बीच शनिवार को फ्लोरिडा में होगी कांस्य पदक की लड़ाई
पहले सेमीफाइनल में स्पेन से परास्त गत उपजेता फ्रांस शनिवार (18 जुलाई) को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में कांस्य पदक के लिए इंग्लैंड का सामना करेगा। वहीं अर्जेंटीना व स्पेन के बीच फाइनल रविवार को न्यूयॉर्क सिटी के निकट मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।

