यूएस ओपन टेनिस : गत चैम्पियन कार्लोस अल्काराज बाहर, अमेरिकी बेन शेल्टन से मैराथन संघर्ष में हारे

न्यूयॉर्क, 9 सितम्बर। गत चैम्पियन स्पेनिश स्टार कार्लोस अल्काराज की वर्ष की चौथी व अंतिम ग्रैंड स्लैम स्पर्धा यानी यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट से चुनौती खत्म हो गई, जब वह फ्लशिंग मेडोज के आर्थर ऐश स्टेडियम में चार घंटे 28 मिनट तक खिंचे मैराथन क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर नौ अमेरिकी बेन शेल्टन के हाथों हार गए।

शेल्टन ने अल्काराज की लगातार 18 जीत का सिलसिला तोड़ा

आठवीं सीड लेकर उतरे स्थानीय दर्शकों के चहेते 23 वर्षीय शेल्टन ने विश्व नंबर तीन व हमउम्र अल्काराज को 6-7 (5), 6-1, 6-3, 1-6, 7-6 (10-7) से हराया। यह मैच अमेरिकी समयानुसार बुधवार को तड़के तीन बजकर 33 मिनट पर समाप्त हुआ। उस समय भारत की घड़ी की सुइयां अपराह्न एक बजकर तीन मिनट बजा रही थीं।

मैच के आखिर में बेन शेल्टन ने 146 मील प्रति घंटे की रफ्तार से ऐस सर्विस लगाकर अपनी जीत पक्की की। शेल्टन ने करिअर की सबसे बड़ी जीत के साथ ही मेजर टूर्नामेंट में स्पेनिश दिग्गज की लगातार 18 जीत का सिलसिला भी तोड़ दिया।

शेल्टन पहली बार हार्ड कोर्ट मेजर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में

मॉण्ट्रियल में अपना दूसरा एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीतने वाले बेन शेल्टन ने अल्काराज को हराकर पहली बार हार्ड कोर्ट मेजर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। दूसरी सीड कार्लोस अल्काराज चोट के कारण करीब चार महीने बाद किसी बड़े टूर्नामेंट में खेल रहे थे। इसके बावजूद उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के दौरान सिर्फ एक सेट गंवाया था। हालांकि, बेन शेल्टन ने उनका खिताब का बचाव करने का अभियान रोक दिया।

देखा जाए तो अल्काराज इस बार अपना आठवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने और यूएस ओपन का खिताब लगातार दूसरी बार जीतने की कोशिश कर रहे थे। अगर वह ऐसा कर लेते, तो रोजर फेडरर के बाद यूएस ओपन ट्रॉफी सफलतापूर्वक बचाने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन जाते।

दरअसल, अल्काराज मेजर टूर्नामेंट में लगातार 18 जीत के सिलसिले के साथ क्वार्टर फाइनल में उतरे थे। यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था, जिसमें 2025 यूएस ओपन की जीत और इस वर्ष ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीतना शामिल था। ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीतकर वह करिअर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बने थे।

शेल्टन की अब हमवतन फ्रांसेस टियाफो से होगी मुलाकात

वस्तुतः शेल्टन ने तीसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इससे पहले वह 2023 में अमेरिकी ओपन और 2025 ऑस्ट्रेलियाई ओपन के अंतिम चार में पहुंचे थे। शेल्टन का अब सेमीफाइनल में 11वीं वरीयता प्राप्त एक अन्य अमेरिकी फ्रांसेस टियाफो से होगा, जिन्होंने चार घंटे 39 मिनट तक खिंचे एक अन्य मैराथन मुकाबले में हमवतन अमेरिकी एलेक्स मिशेल्सन को 5-7, 3-6, 7-5, 6-3, 7-6 (10-6) से हराया। टियाफो का इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में तीसरा प्रवेश है।

पुरुष वर्ग में कम से कम एक अमेरिकी का फाइनल में प्रवेश तय

फिलहाल शेल्टन और टियाफो के सेमीफाइनल में आमने-सामने होने से यह सुनिश्चित हो गया है कि अमेरिका का एक पुरुष खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेगा। एंडी रोडिक के 2003 में खिताब जीतने के बाद अमेरिका का कोई भी पुरुष खिलाड़ी ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीत पाया है।

गत चैम्पियन सबालेंका व पेगुला महिला एकल सेमीफाइनल में

उधर महिला एकल में पिछले दो बार की चैम्पियन व मौजूदी विश्व नंबर एक एरिना सबालेंका और जेसिका पेगुला ने सेमीफाइनल का टिकट सुरक्षित कर लिया। बेलारूसवासी 28 वर्षीय स्टार सबालेंका ने आर्थर ऐश स्टेडियम में दो घंटे 22 मिनट तक खिंचे रोमांचक मुकाबले में विम्बलडन चैंपियन चेकिया की लिंडा नोस्कोवा को 7-6 (1), 3-6, 7-6 (10-7) से परास्त किया और लगातार छठी बार अंतिम चार में जगह बना ली।

हालांकि एकबारगी लग रहा था कि अमेरिकी ओपन में लगातार तीसरा खिताब और महिला वर्ग में नंबर एक रैंकिंग बनाए रखने का सबालेंका सपना टूट रहा है, लेकिन उन्होंने साबित किया कि वह आखिर तक हार मानने वाली नहीं हैं।

लगातार चौथी बार फाइनल में प्रवेश के लिए तत्पर सबालेंका की अब तीसरी सीड अमेरिकी जेसिका पेगुला से मुलाकात होगी। पेगुला ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए दो घंटे 21 मिनट में हमवतन 26वीं वरीयता प्राप्त एम्मा नवारो को 3-6, 6-4, 6-3 से हराया। सबालेंका बनाम पेगुला मुकाबले की बात करें तो बेलारूसी स्टार ने 2024 के फाइनल और पिछले वर्ष सेमीफाइनल में पेगुला को हराया था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular