1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना संकट : नए संक्रमितों की दैनिक संख्या 3 लाख के पार, 24 घंटे में 2 लाख से ज्यादा मरीज स्वस्थ
भारत में कोरोना संकट : नए संक्रमितों की दैनिक संख्या 3 लाख के पार, 24 घंटे में 2 लाख से ज्यादा मरीज स्वस्थ

भारत में कोरोना संकट : नए संक्रमितों की दैनिक संख्या 3 लाख के पार, 24 घंटे में 2 लाख से ज्यादा मरीज स्वस्थ

0
Social Share

नई दिल्ली, 20 जनवरी। कोरोना महामारी की तीसरी लहर के खिलाफ जारी देशव्यापी संघर्ष के बीच संक्रमण ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस वर्ष पहली बार तीन लाख का आंकड़ा भी पार कर गया और बुधवार को दिनभर में 3,17,532 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। हालांकि स्वस्थ होने वालों की संख्या भी उसी रफ्तार से बढ़ रही है और बीते 24 घंटे के दौरान दो लाख से ज्यादा 2,23,990 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए जबकि दिनभर में 406 लोगों की मौत हुई। फिलहाल केरल का 85 बैकलॉग जोड़कर कुल 491 मौतें दर्शाई गईं।

दैनिक संक्रमण दर 16.41%, ओमिक्रॉन के अब तक 9,287 पुष्ट मामले  

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार को उपलब्ध कराई गई अद्यतन जानकारी के अनुसार बुधवार को सामने आए नए मामले एक दिन पहले के मुकाबले 12 प्रतिशत अधिक हैं। वहीं दैनिक संक्रमण दर भी 15.13 प्रतिशत से ऊपर उठकर 16.41 प्रतिशत हो गया है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के अब तक 9,287 पुष्ट मामले सामने आए हैं। बुधवार को नए ओमिक्रॉन केस में 3.63 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

देश में इलाजरत कोविड मरीजों की संख्या 19 लाख से अधिक

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में रिकवरी रेट घटकर 93.69 प्रतिशत हो गया है। हालांकि मृत्यु दर तनिक और गिरकर 1.28 फीसदी पर टिकी है। लेकिन एक्टिव रेट बढ़कर 5.03 फीसदी पर जा पहुंचा है। इस क्रम में 24 घंटे के अंदर 93,051 एक्टिव केस बढ़े और बुधवार रात तक देश में इलाजरत मरीजों की संख्या 19 लाख के पार 19,24,051 तक जा पहुंची थी।

एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस वाले राज्य

महाराष्ट्र – एक्टिव केस 2,68,484   नए केस 43,697

कर्नाटक – एक्टिव केस 2,67,679    नए केस 40,499

तमिलनाडु – एक्टिव केस 1,70,661  नए केस 26,981

केरल –     एक्टिव केस 1,69,109  नए केस 34,217

प.बंगाल – एक्टिव केस 1,51,702   नए केस 11,447

गुजरात में 24 घंटे के दौरान 20,966 नए केस

गुजरात में भी बीते 24 घंटे के दौरान 20 हजार से ज्यादा 20,966 नए केस सामने आए और अब राज्य में कुल छह 90,726 एक्टिव केस हो गए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश (98,238), ओडिशा (78,038), दिल्ली (75,282), राजस्थान (74,561) और हरियाणा (59,367) में भी बुधवार रात तक इलाजरत मरीजों की संख्या 50 हजार से ज्यादा थी।

369 दिनों में 159 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 19 जनवरी को 73,38,592 लोगों को टीके की पहली या दूसरी डोज दी गई। इसके साथ ही 369 दिनों में 159 करोड़ से ज्यादा कुल 1,59,67,55,809 लोग टीकाकरण का लाभ ले चुके हैं। वहीं आईसीएमआर के अनुसार बुधवार को 19,35,180 लोगों की कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही देश में अब तक 70.93 करोड़ लोगों के कोविड सैंपल की जा चुकी है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code