‘रेंट-ए-ब्वायफ्रेंड’ के नाम पर महिलाओं को निशाना बना रहे साइबर ठग, साइबर विशेषज्ञों ने ऑनलाइन डेटिंग के जाल से बचने की दी चेतावनी

नई दिल्ली, 23 अगस्त। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर ‘रेंट ए ब्वायफ्रेंड’ के नाम पर साइबर ठगी का नया तरीका सामने आया है। Instagram, Telegram और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म पर साइबर अपराधी आकर्षक पोस्टर और युवाओं की तस्वीरों के जरिए लोगों को लुभा रहे हैं। इसके लिए कॉफी मीटिंग से लेकर फिल्म डेट और इवेंट में साथ जाने तक के अलग-अलग पैकेज पेश किए जा रहे हैं।

ठग एक घंटे की कॉफी मीटिंग के लिए 499 रुपये, फिल्म डेट के लिए 1,249 रुपये और किसी इवेंट या शादी में साथ आने के लिए 1,999 रुपये तक के पैकेज पेश करते हैं। इसके बाद डायरेक्ट मैसेज के जरिए बातचीत शुरू कर बुकिंग कंफर्मेशन, सिक्योरिटी डिपॉजिट और एडवांस पेमेंट के नाम पर डिजिटल वॉलेट या QR कोड के जरिए हजारों रुपये वसूले जाते हैं। रकम मिलते ही ठग पीड़ित को ब्लॉक कर देते हैं।

इस स्कैम में AI से बनाई गई या इंटरनेट से ली गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल तैयार की जाती हैं। बातचीत के दौरान भरोसा जीतने के बाद ठग निजी जानकारी, फोन नंबर और तस्वीरें हासिल कर सकते हैं। इनका इस्तेमाल बाद में धमकी देने और ब्लैकमेलिंग के लिए भी किया जा सकता है।

साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को ऑनलाइन दोस्ती और ऐसे आकर्षक ऑफर्स से सावधान रहने की सलाह दी है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी तस्वीरें, व्यक्तिगत जानकारी या पैसे साझा नहीं करने चाहिए। संदिग्ध लिंक, QR कोड या ऐप डाउनलोड करने के अनुरोध को भी नजरअंदाज करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति जल्द दोस्ती कर निजी जानकारी मांगे, अकेले मिलने का दबाव बनाए या पैसे मांगे, तो इसे रेड फ्लैग मानना चाहिए। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular