1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. सोने व हीरे के गहनों का शौकीन निकला शातिर चूहा! खोदा ‘बिल’ तो निकले 10 लाख के गहने
सोने व हीरे के गहनों का शौकीन निकला शातिर चूहा! खोदा ‘बिल’ तो निकले 10 लाख के गहने

सोने व हीरे के गहनों का शौकीन निकला शातिर चूहा! खोदा ‘बिल’ तो निकले 10 लाख के गहने

0
Social Share

तुमकुर (कर्नाटक), 30 जुलाई। कर्नाटक के तुमकुर से एक शातिर चूहे की अजीबोगरीब करतूत सामने आई है, जो सोने व हीरे के गहनों का शौकीन निकला। दरअसल, इस चूहे ने एक ज्वेलरी की दुकान से लाखों रुपये कीमती सोने व हीरे के आभूषण पार कर उन्हें बिल में उठा ले गया। सीसीटीवी (CCTV) में कैद इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सीसीटीवी फुटेज की जांच में चूहे की चोरी पकड़ी गई

यह मामला तब सामने आया, जब बेंगलुरु से 60 किलोमीटर उत्तर स्थित तुमकुर की एक ज्वेलरी दुकान से बिना शटर तोड़े 10 लाख रुपये के सोने और हीरे के गहने गायब हो गए। दुकान के कर्मचारी इस बात से हैरान थे कि दुकान के शटर या दरवाजे को तोड़ने का कोई निशान नहीं था। साथ ही, बाहर से भी किसी के दुकान में घुसने का कोई संकेत नहीं मिला। कुछ अजीब होने का संदेह होने पर, मालिक और कर्मचारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की।

बिल खोदने पर 10 अंगूठियां व हीरे जड़ित आभूषणों सहित तीन सोने की चेन बरामद

जब कर्मचारियों ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज देखा तो उनके होश उड़ गए क्योंकि यह अनोखा चोर कोई इंसान नहीं बल्कि एक छोटा सा चूहा था, जो एक-एक कर आभूषणों को अपने बिल में खींच रहा था। बाद में उन्होंने चूहे का पीछा करते हुए उसके बिल का पता लगाया। जब उन्होंने बिल को खोदा तो उन्हें करीब 10 अंगूठियां और हीरे जड़ित आभूषणों सहित तीन सोने की चेन मिलीं, जिससे मालिक ने राहत की सांस ली। जांच में पता चला कि चूहा सोने और हीरे के गहनों पर लगे टैग (कीमत की पर्ची) खा गया था।

दुकान मालिक विश्वास ने घटना के बारे में बताया, ‘हमारे स्टाफ को सोने के गहनों की रोजाना गिनती के दौरान पता चला कि लगभग 10 अंगूठियां गायब थीं। पहले हमें चोरी का शक हुआ। हमने तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एक कर्मचारी ने ध्यान दिया कि कुछ अंगूठियों के प्राइस टैग गायब थे। इसलिए हमने दोबारा सीसीटीवी फुटेज चेक किया और एक चूहे को सोने की अंगूठी उठाते हुए देखा। बाद में हमने चूहे के बिल का पता लगाया, जहां हमें सारे गहने मिल गए।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code