1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना संकट : 18 राज्यों में बढ़े एक्टिव केस, 24 घंटे में 13,091 नए संक्रमित
भारत में कोरोना संकट : 18 राज्यों में बढ़े एक्टिव केस, 24 घंटे में 13,091 नए संक्रमित

भारत में कोरोना संकट : 18 राज्यों में बढ़े एक्टिव केस, 24 घंटे में 13,091 नए संक्रमित

0
Social Share

नई दिल्ली, 11 नवंबर। देश में दीपावली और छठ पूजा बीतने के बाद यह तो पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि कोविड-19 संक्रमण किस स्तर तक बढ़ेगा। फिलहाल बुधवार को देश के 18 राज्यों में मामूली रूप से सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी क्रम में लगातार दूसरे दिन नए संक्रमितों की संख्या बढ़ी और बीते 24 घंटे के दौरान आंकड़ा 13,091 रहा।

हालांकि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार को उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार पिछले लगातार 14 दिनों से नए संक्रमितों की संख्या 15 हजार से कम बनी हुई है। इसके सापेक्ष 13,878 रोगी स्वस्थ घोषित किए गए जबकि दिनभर में 129 मरीजों की मौत हुई। इनमें केरल का 211 बैकलॉग (पूर्व की तिथियों में हुईं मौतों का आंकड़ा) जोड़कर कुल 340 मौतें दर्शाई गईं।

अब तक 3.44 करोड़ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि, इनमें 3.38 करोड़ स्वस्थ

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना की शुरुआत के बाद से अब तक 3.44 करोड़ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 98.25 फीसदी की दर से अब तक 3.38 करोड़ रोगी स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। हालांकि इस दौरान 1.34 फीसदी की दर से अब तक 4.2 लाख लोगों की मौत भी हो चुकी है।

देश में अब भी 1.38 लाख कोरोना मरीज इलाजरत

इसी क्रम में 24 घंटे के भीतर एक्टिव केस में 1,127 की कमी देखने को मिली और बुधवार तक 0.40 फीसदी की दर से देश में कुल 1,38,556 कोरोना मरीज थे, जिनका विभिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। सक्रिय मामलों की यह संख्या पिछले 266 दिनों में न्यूनतम है। हालांकि कुल 18 राज्यों में दैनिक आधार पर सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। फिलहाल इनमें मिजोरम (157), हिमाचल प्रदेश (78), कर्नाटक (72) और ओडिशा (66) के रूप में चार ही राज्य रहे, जहां 50 से ज्यादा एक्टिव केस बढ़े।

टीकाकरण का आंकड़ा 110 करोड़ के पार

इस बीच केंद्र सरकार का ‘हर घर दस्तक’  महा टीकाकरण अभियान अब तक जोर नहीं पकड़ सका है, फिर भी राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान का आंकड़ा 299 दिनों में 110.23 करोड़ के पार पहुंच गया है। इनमें बुधवार को 57.54 लाख लोगों ने टीकाकरण का लाभ उठाया। दूसरी तरफ 10 नवंबर तक देश में कुल 61.99 करोड़ लोगों के कोविड नमूनों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी 10 नवंबर, 2021 के कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 13,091

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 13,878

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 340 (इनमें केरल का 211 बैकलॉग भी शामिल)

अब तक कुल संक्रमित : 3,44,01,670

अब तक कुल स्वस्थ : 3,38,00,925

रिकवरी दर : 98.25%

अब तक कुल मौतें : 4,62,189

मृत्यु दर : 1.34%

इलाजरत मरीज : 1,38,556 (दैनिक गिरावट 1,127)        

सक्रियता दर : 0.40%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 57,54,817 

299 दिनों में कुल टीकाकरण  : 1,10,23,34,225

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 11,89,470

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 61,99,02,064.

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code