1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 7 उम्मीदवारों की सूची, कर्नाटक से खरगे के साथ पवन खेड़ा व मंसूर अली भी प्रत्याशी
राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 7 उम्मीदवारों की सूची, कर्नाटक से खरगे के साथ पवन खेड़ा व मंसूर अली भी प्रत्याशी

राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 7 उम्मीदवारों की सूची, कर्नाटक से खरगे के साथ पवन खेड़ा व मंसूर अली भी प्रत्याशी

0
Social Share

नई दिल्ली, 4 जून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाद कांग्रेस ने भी राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से गुरुवार की देर रात जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पांच राज्यों से सात उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है। इस क्रम में पार्टी ने संगठन और संसदीय राजनीति में सक्रिय नेताओं पर भरोसा जताया है।

कांग्रेस की सूची के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और वरिष्ठ नेता मंसूर अली खान को कर्नाटक से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया गया है। तीनों नेताओं को पार्टी का प्रमुख चेहरा माना जाता है और इनके नामों को लेकर पहले से ही राजनीतिक हलकों में चर्चा थी।

वहीं मध्य प्रदेश से वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है जबकि राजस्थान से नीरज डांगी पर एक बार फिर पार्टी ने भरोसा जताया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि दोनों नेताओं का संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक सक्रियता संसद में पार्टी के लिए अहम साबित होगी।

तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया गया है, जो पार्टी की नीतियों और आर्थिक मामलों से जुड़े प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं। वहीं झारखंड से प्रणव झा को टिकट दिया गया है। दरअसल, पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में क्षेत्रीय संतुलन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का भी ध्यान रखा है।

AICC ने जारी की आधिकारिक सूची

उम्मीदवारों की सूची कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी की गई। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि सभी उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेंगे और संसद के उच्च सदन में कांग्रेस की आवाज को मजबूती देंगे। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

खेड़ा पहली बार किसी सदन के लिए चुनाव लड़ रहे

खरगे वर्तमान में भी अपने गृह प्रदेश से ही उच्च सदन के सदस्य हैं। वह राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। खेड़ा पहली बार किसी सदन के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। मंसूर अली खान पूर्व केंद्रीय मंत्री के. रहमान खान के पुत्र हैं और लंबे समय से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अलग-अलग भूमिकाओं में सक्रिय हैं। वह पिछले लोकसभा चुनाव में बेंगलुरु सेंट्रल क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

मध्य प्रदेश की पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन की बात करें तो वह वर्तमान में पार्टी की तेलंगाना प्रभारी हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का राज्यसभा का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है। हालांकि उन्होंने पहले ही राज्यसभा नहीं जाने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी थी।

उच्च सदन की 24 सीटों के लिए 18 जून को होगा चुनाव

गौरतलब है कि संसद के उच्च सदन की 24 सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होगा। राज्यसभा की इन सीटों के लिए चुनाव उन 10 राज्यों में होंगे, जहां मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 19 जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है।

राज्यसभा चुनाव आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीट, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीट, झारखंड की दो सीट तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश एवं मिजोरम की एक-एक सीट पर होंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख आठ जून है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code