Homeराज्यउत्तरप्रदेशरामपुर में CM Yogi का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- रामभक्तों पर गोली...

रामपुर में CM Yogi का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- रामभक्तों पर गोली चलाने वाले आज आस्था की बात कर रहे

रामपुर। अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। रामपुर में करीब 690 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे और ‘जय श्रीराम’ के नारों का विरोध करते थे, वही आज आस्था की बात कर रहे हैं।

690 करोड़ की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर के शाहबाद में लगभग 690 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर कानून-व्यवस्था, सांस्कृतिक विरासत और राजनीति को लेकर भी निशाना साधा।

‘रामभक्तों पर पहले लाठियां और गोलियां चलती थीं’

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा विवाद का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो लोग भगवान राम की आस्था की बात कर रहे हैं, वही पहले रामभक्तों का विरोध करते थे। उन्होंने कहा, “2017 से पहले जब रामभक्त ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ का नारा लगाते थे, तब उन पर गोलियां चलाई जाती थीं। ‘जय श्रीराम’ बोलने वालों पर लाठियां बरसाई जाती थीं। आज वही लोग आस्था की दुहाई दे रहे हैं। जनता की ताकत ने उन्हें अपना रुख बदलने पर मजबूर कर दिया।”

‘पहले राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठते थे’

सीएम योगी ने कहा कि पहले भगवान राम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते थे, जबकि आज अयोध्या जाने की होड़ लगी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम सभी के हैं और जनता सब कुछ देख रही है।

सपा सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। उन्होंने कहा कि उस समय बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, व्यापारी भय के माहौल में कारोबार करते थे, किसान परेशान थे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित थे। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार होता था और ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ वसूली में जुट जाती थी। धांधली के कारण कई भर्ती प्रक्रियाओं पर अदालत को रोक लगानी पड़ती थी। योगी ने दावा किया कि उस दौर में विकास केवल “एक सैफई परिवार और रामपुर के एक परिवार” तक सीमित था, जबकि आज पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, बेहतर कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।

रामपुर की बदलती तस्वीर का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामपुर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पैचवर्क कला, वायलिन निर्माण और मेंथा उत्पादन के लिए देशभर में पहचान रखता है। उन्होंने दावा किया कि पहले यह जिला जमीन कब्जाने और अन्याय की राजनीति के लिए चर्चा में रहता था, लेकिन अब यहां विकास और सुशासन की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों और दलितों की जमीनों पर अवैध कब्जे की संस्कृति समाप्त की है और बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

धार्मिक आयोजनों पर भी बोले सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों में बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं, जबकि आज कांवड़ यात्रा, दीपावली, रामनवमी, जन्माष्टमी सहित सभी पर्व पूरे उत्साह और सुरक्षा के साथ मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विकास, विरासत और सुशासन का नया मॉडल बनकर उभरा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments