क्रिकेटर शशांक सिंह और पिता शैलेश सिंह पर केस दर्ज, रसोइए ने मारपीट और मोबाइल छीनने का लगाया आरोप
भोपाल, 30 जून। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए खेलने वाले क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता, मध्य प्रदेश पुलिस के रिटायर्ड स्पेशल डीजी शैलेश सिंह के खिलाफ भोपाल के रतिबाद थाने में मामला दर्ज किया गया है। घरेलू रसोइए ने दोनों पर मारपीट, गाली-गलौज और मोबाइल छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रसोइए की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
एक न्यूज एजेंसी के अनुसार, एफआईआर में शशांक सिंह, उनके पिता शैलेश सिंह और उनके ड्राइवर (मिश्रा) को आरोपी बनाया गया है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
15 हजार रुपये वेतन पर रखा था काम
रीवा निवासी विपेंद्र सिंह तोमर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 25 जून को नीलबाद स्थित शैलेश सिंह के बंगले में रसोइए के रूप में काम शुरू किया था। उन्हें हर महीने 15 हजार रुपये वेतन के साथ रहने और खाने की सुविधा देने का वादा किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ दिन बाद उनसे कहा गया कि उनका काम संतोषजनक नहीं है और इसी दौरान उनका मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया गया।
मोबाइल मांगने पर मारपीट का आरोप
विपेंद्र तोमर का आरोप है कि 28 जून को नाश्ता तैयार करने के बाद उन्होंने शैलेश सिंह से अपना मोबाइल वापस मांगा, लेकिन उन्हें फोन नहीं दिया गया। इसके बाद वह अपने कमरे में चले गए। शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद शैलेश सिंह, शशांक सिंह और उनके ड्राइवर कमरे में पहुंचे, जहां उनके साथ गाली-गलौज की गई और हाथ-घूंसों से मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट के बाद उन्हें जबरन घर से बाहर निकाल दिया गया।
मोबाइल से 1,000 रुपये ट्रांसफर करने का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके मोबाइल फोन से 1,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। उनसे कहा गया कि यह राशि उनके खाने और रहने के खर्च के बदले ली गई है। घटना के बाद विपेंद्र तोमर अपने रिश्तेदारों के साथ रतिबाद थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी
शशांक सिंह आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं, जबकि उनके पिता शैलेश सिंह मध्य प्रदेश पुलिस के पूर्व स्पेशल डीजी रह चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस मामले में आईएएनएस द्वारा रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी शैलेश सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
