1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. यूपी में पहले चरण के मतदान पर सीएम योगी ने भारी बढ़त का दावा किया, अखिलेश ने कहा – भाजपा का फ्लाप शो
यूपी में पहले चरण के मतदान पर सीएम योगी ने भारी बढ़त का दावा किया, अखिलेश ने कहा – भाजपा का फ्लाप शो

यूपी में पहले चरण के मतदान पर सीएम योगी ने भारी बढ़त का दावा किया, अखिलेश ने कहा – भाजपा का फ्लाप शो

0
Social Share

लखनऊ, 19 अप्रैल। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर शुक्रवार को मतदान खत्म हो गया। अन्यान्य कारणों से पिछले वर्ष के मुकाबले कम मतदान के बावजूद राजनीतिक दलों अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।

इस क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘पहले चरण के परिणाम से हम निश्चिंत हैं। भाजपा को भारी बढ़त मिलेगी और सभी जगह कमल खिलेगा। खासतौर से पश्चिम में पूरी निश्चिंतता है।’ योगी के डिप्टी ब्रजेश पाठक ने कहा कि रुझान बता रहे कि प्रचंड बहुमत से भाजपा की वापसी हो रही है। वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में भाजपा का फ्लॉप शो दिखाई दिया है। पश्चिम से पूरब तक इस बार भाजपा का सफाया होगा।

योगी बोले – ‘सभी जगह एक ही भाव…जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे

सीएम योगी बुलंदशहर लोकसभा क्षेत्र के शिकारपुर में भाजपा प्रत्याशी डॉ. भोला सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर महाभारतकालीन पौराणिक धरा और कल्याण सिंह की कर्मभूमि है। पहले चरण के मतदान में सभी जगह एक ही भाव है – ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। पूरे देश में निश्चित ही कमल खिलेगा और नरेंद्र मोदी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर गंगा एक्सप्रेस के साथ जुड़ रहा है। अब मात्र छह घंटे में बुलंदशहर से प्रयागराज में अगले साल लगने वाले महाकुंभ में श्रद्धालु गंगा स्नान कर सकेंगे। जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा में फिल्म सिटी बनने से यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘सपा-बसपा के लोग दंगा कराते थे। मुरादाबाद में वर्ष 1980 में कांग्रेस ने दंगा कराया। दंगों के दोषियों की फाइल को हमने निकाला और अब 40 साल बाद हमने दंगाइयों पर काररवाई की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई पहचान दी और सम्मान दिलाया है।’

लोकसभा चुनाव के बाद दोनों सरकारों का सफाया हो जाएगा – अखिलेश यादव

दूसरी तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने फिरोजाबाद में कहा कि पहले चरण में भाजपा का फ्लाप शो दिखाई दिया है। लोकसभा चुनाव के बाद दोनों सरकारों का सफाया हो जाएगा। 10 साल में भाजपा की पहचान झूठ और लूट की बनी है। पूरे ब्रह्मांड में भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। किसानों के काले कानून के खिलाफ आह्वान करने पर सरकार को पीछे हटना पड़ा। किसानों को फसल का कानूनी अधिकार दे दो तो मुफ्त राशन नहीं देना पड़ेगा।

अखिलेश ने कहा कि प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है। अब तक जो परीक्षाएं हुईं, उनमें से नौ से अधिक परीक्षाओं का पेपर लीक हुआ है। इलेक्टोरल बॉण्ड के मुद्दे पर तो भाजपा का बैंड ही बज गया। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को हराना होगा।

ब्रजेश पाठक बोले – भाजपा प्रचंड बहुमत से वापसी करने जा रही

लखनऊ में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि पहले चरण के चुनाव के रुझान बता रहे हैं कि भाजपा प्रचंड बहुमत से वापसी करने जा रही है। उन्होंने इसके लिए जनता का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुनः सेवा करने के लिए जनता ने चुन लिया है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा पहले चरण की सभी आठ सीटों को भारी अंतर से जीत रही है क्योंकि गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति का समर्थन भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि आज पश्चिम से जो लहर चली है, वह मतदान के अंतिम चरण तक सुनामी में बदल जाएगी और भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतकर इतिहास रचेगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code