कांकेर में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, कई नक्सलियों के मारे जाने का दावा

जगदलपुर, 18 फरवरी। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के धुर नक्सल प्रभावित ताडोकी इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है। कल देर रात हुई इस मुठभेड़ के दौरान लगभग एक घण्टे तक दोनों तरफ से भारी गोलीबारी की खबर है। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोसरोंडा के जंगलों में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की खबर पुलिस को लगी थी। इसके बाद पुलिस की संयुक्त पार्टी सर्च ऑपरेशन पर निकली। रात करीब एक बजे जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हुआ और दोनों ओर से गोलीबारी शुरु हो गई।

लगभग एक घण्टे चली गोलीबारी के बाद नक्सली इलाके से भाग निकले। घना जंगल होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन खतरनाक हो सकता था, जिसके चलते सुबह जवानों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगहों पर खून के धब्बे मिले हैं। शवों को खींचकर ले जाने के निशान भी मिलने के बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि कई नक्सली मुठभेड़ में मारे गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular