Homeहिन्दीराजनीतिकैप्टन अमरिंदर भाजपा में हो सकते हैं शामिल, पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी...

कैप्टन अमरिंदर भाजपा में हो सकते हैं शामिल, पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का भी होगा विलय

चंडीगढ़, 1 जुलाई। पिछले वर्ष मुख्यमंत्री पद की कुर्सी त्यागने के बाद कांग्रेस भी छोड़ देने वाले वाले पंजाब के कद्दावर नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का भी भाजपा में विलय हो जाएगा। कैप्टन अमरिंदर के नजदीकी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पीठ की सर्जरी के बाद लंदन में स्वास्थ्य लाभ कर रहे अमरिंदर

89 वर्षीय अमरिंदर ने लंदन के अस्पताल में पीठ की सर्जरी कराई है और वह स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह उनके भारत लौटने के बाद वह अपनी पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का भाजपा में विलय कर सकते हैं।

पीएम मोदी ने अमरिंदर से फोन पर बात की थी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत रविवार को अमरिंदर सिंह की सर्जरी के बाद फोन पर उनसे बात की थी और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली थी। अमरिंदर की शनिवार को लंदन के एक अस्पताल में रीढ़ की हड्डी की सफल सर्जरी हुई थी।

गौरतलब है कि तीन बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस छोड़ते वक्त इनकार किया था कि वह भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी शुरू की। उन्होंने भाजपा के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ा। हालांकि, कैप्टन अमरिंदर पटियाला सीट से हार गए और यहां तक ​​कि अपनी जमानत भी जब्त कराने से नहीं बचा सके।

चुनाव के बाद से कांग्रेस छोड़ने वाले कुछ अन्य वरिष्ठ नेता भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी शामिल हैं। हालांकि अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर पटियाला से कांग्रेस सांसद बनी हुई हैं। खबरें यह भी हैं कि पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर ने कथित तौर पर भाजपा से उनकी बेटी जय इंदर कौर को उनकी लोकसभा सीट से मैदान में उतारने का आग्रह किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments