BRICS Summit 2026: दिल्ली में 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात, 200 पैरामिलिट्री कंपनियां संभालेंगी सुरक्षा; इन रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन

नई दिल्ली, 12 सितंबर : राजधानी दिल्ली में आयोजित हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के साथ सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। सम्मेलन में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख इलाकों में बैरिकेडिंग, वाहनों की जांच और व्यापक निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 15,000 पुलिसकर्मियों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। दिल्ली को अलग-अलग सेक्टर और जोन में बांटकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

700 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने 700 से अधिक CCTV कैमरे लगाए हैं। इसके अलावा पांच कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां से राजधानी के महत्वपूर्ण इलाकों और सम्मेलन से जुड़े रूट पर नजर रखी जा रही है। तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में एक विशेष CCTV कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। यहां से करीब 500 कैमरों की लाइव फीड मॉनिटर की जा सकती है। वीवीआईपी मूवमेंट वाले रास्तों पर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए अतिरिक्त सर्विलांस कैमरे भी लगाए गए हैं।

दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन, 9:30 बजे से लागू रहेगी व्यवस्था

विदेशी मेहमानों और विश्व नेताओं की आवाजाही को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध, डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही लागू की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एडवाइजरी जारी कर बताया कि शनिवार सुबह 9:30 बजे से रात 9 बजे तक राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही रहेगी।

इन प्रमुख रास्तों पर पड़ेगा असर

ब्रिक्स सम्मेलन से जुड़ी सुरक्षा और वीवीआईपी आवाजाही के कारण कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। इनमें शामिल हैं:

1- सरदार पटेल मार्ग
2- मदर टेरेसा क्रिसेंट
3- तीन मूर्ति मार्ग
4- रोड
5- तीस जनवरी मार्ग
4- राजेश पायलट मार्ग
7- मथुरा रोड
8- मोतीलाल नेहरू मार्ग
9- डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग
10- ब्रिगेडियर होशियारी सिंह मार्ग
11- अफ्रीका एवेन्यू रोड
12- सत्य मार्ग
13 शांति पथ

इसके अलावा जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग भी प्रभावित मार्गों में शामिल हैं।

यात्रियों के लिए पुलिस की खास एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और सामान्य से अधिक समय लेकर चलें। जहां संभव हो, यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन, खासकर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन रूट और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।

दिल्ली पहुंचे रहे हैं ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि

भारत इस साल 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। ब्रिक्स में वर्तमान में 11 सदस्य देश और 10 साझेदार देश शामिल हैं। सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी है। विदेशी मेहमानों की मौजूदगी और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक मैनेजमेंट तक व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular