दिल्ली : एमसीडी उपचुनाव में भाजपा को मिलीं 7 सीटें, लेकिन दो सीटों का नुकसान, कांग्रेस का खुला खाता
नई दिल्ली, 3 दिसम्बर। दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) को झटका लगा है। इस क्रम में भाजपा ने 12 में से सात सीटों पर जीत हासिल की तो AAP को तीन सीटें मिलीं। वहीं कांग्रेस ने भी खाता खोल लिया जबकि एक सीट पर ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक का उम्मीदवार विजयी रहा।
भाजपा से छिन गईं संगम विहार व मुंडका सीटें
इसके पूर्व भाजपा के पास 12 में से नौ सीटें थीं और AAP के पास तीन सीटें थीं। हालांकि भाजपा ने जो सात सीटें जीती हैं, उनमें एक सीट ऐसी भी है, जहां पार्टी पहले नहीं जीती थी। भाजपा विधायकों से नाराजगी के चलते भाजपा को दो सीटों का नुकसान हुआ है। संगम विहार में भाजपा के विधायक चंदन चौधरी के निगम से इस्तीफे की वजह से सीट खाली हुई थी। उनकी छवि का नुकसान वहां पर भाजपा के प्रत्याशी को हुआ और कांग्रेस वहां से जीत गई।
वहीं, मुंडका सीट पर भी ‘आप’ प्रत्याशी ने जीत हासिल की है क्योंकि वहां भाजपा के विधायक गजेंद्र दराल से भी लोगों में नाराजगी थी। इसी प्रकार नारायणा में ‘आप’ जीत गई है। यहां पर पार्टी ने बाहरी प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने का मुद्दा बनाया था। आम आदमी पार्टी ने दक्षिणपुरी सीट भी अपने नाम की।
चांदनी महल सीट ‘आप’ के बागी विधायक के समर्थित प्रत्याशी ने जीती
हालांकि ‘आप’ के लिए झटका इसलिए है कि वह तीन सीटों पर तो जीत गई, लेकिन चांदनी महल सीट पर तीसरे नंबर पर खिसक गई। ‘आप’ के बागी विधायक आले मोहम्मद इकबाल के समर्थित ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी मो. इमरान ने 4,592 मतों से जीत दर्ज की है। 2022 के आम चुनाव में ‘आप’ ने यह सीट सर्वाधिक 17,000 मतों से जीती थी।
सीएम रेखा गुप्ता की छोड़ी सीट पर भाजपा की बड़ी जीत
फिलहाल भाजपा की बात करें तो शालीमार बाग B वार्ड से अनीता जैन ने AAP की बबीता राणा को 10,000 से ज्यादा वोटों से हराया। यह सीट पूर्व पार्षद रेखा गुप्ता के फरवरी में विधानसभा चुनाव जीतने और दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद खाली हुई थी। चांदनी चौक से सुमन कुमार गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के हर्ष शर्मा को 1,182 वोटों से हराया। इसके अलावा द्वारका-B, अशोक विहार, ग्रेटर कैलाश में भी पार्टी प्रत्याशी जीते हैं।
कांग्रेस ने संगम विहार सीट भाजपा से छीनी
कांग्रेस के लिए यह चुनाव फायदे वाला साबित हुआ क्योंकि भाजपा के कब्जे वाली संगम विहार सीट उसने हथिया ली है। कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने भाजपा के सुभाजीत गौतम को को हराया। संगम विहार में भी ‘आप’ तीसरे नंबर पर चली गई है।
