1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. लोकसभा चुनाव : भाजपा ने 111 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की, वरुण गांधी का टिकट कटा, मेनका सुल्तानपुर से लड़ेंगी
लोकसभा चुनाव : भाजपा ने 111 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की, वरुण गांधी का टिकट कटा, मेनका सुल्तानपुर से लड़ेंगी

लोकसभा चुनाव : भाजपा ने 111 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी की, वरुण गांधी का टिकट कटा, मेनका सुल्तानपुर से लड़ेंगी

0
Social Share

नई दिल्ली, 24 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए रविवार की रात अपनी पांचवी लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें 111 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। आशंकाओं के अनुरूप पार्टी ने पीलीभीत के मुखर सांसद वरुण गांधी का टिकट काट दिया है जबकि उनकी मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर से बरकरार रखा है। वरुण गांधी की सीट से यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद को मौका दिया गया है।

अरुण गोविल मेरठ से जोर आजमाएंगे, कंगना रनौत को मंडी से टिकट

भाजपा की इस सूची में कुछ नामी फिल्मी सितारे भी शामिल हैं। मसलन, भारतीय टीवी इतिहास के सर्वाधिक लोकप्रिय सीरियल ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम का रोल करने वाले अरुण गोविल को मेरठ से टिकट दिया गया है। वहीं पीएम मोदी की कट्टर समर्थ कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से प्रत्याशी घोषित की गई हैं।

जनरल वीके सिंह व सत्यदेव पचौरी की जगह नए चेहरे

इस बीच गाजियाबाद से पिछले दो बार से सांसद व मौजूदा केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह और कानपुर से सांसद सत्यदेव पचौरी ने आज ही दिन में एलान किया था कि वे इस बार चुनाव नहीं लड़ना चाहते। इसके चलते इन दोनों ही सीटों पर पार्टी ने नए उम्मीदवार घोषित किए हैं। वीके सिंह की जगह गाजियाबाद से अतुल गर्ग को मौका दिया गया है जबकि कानपुर से पार्टी ने ब्राह्मण चेहरे रमेश अवस्थी पर दांव लगाया है।

उल्लेखनीय है कि प्रत्याशी घोषित करने को लेकर भाजपा का मंथन लंबे वक्त से जारी था। शनिवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में चर्चा के बाद आज भी पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की अहम बैठक हुई थी। इसके बाद प्रत्याशियों की लिस्ट रिलीज की गई है।

कांग्रेस छोड़ते ही नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से टिकट

सर्वाधिक दिलचस्प तो यह रहा कि कुछ ही घंटे पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल मशहूर उद्योगपति नवीन जिंदल को भी उम्मीदवारों की सूची में शामिल कर लिया गया है। वह कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट भी कटा

टिकट पाने वालों में रविशंकर प्रसाद समेत अन्य कई दिग्गज शामिल हैं। लेकिन वरुण के अलावा केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट भी काट दिया गया है जबकि झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को दुमका (झारखंड) से चुनावी मैदान में उतारा गया है। सीता हाल ही में झामुमो छोड़ भाजपा में शामिल हुई हैं।

पांचवीं सूची की खास बातें

  • नित्यानंद राय उजियारपुर से चुनाव लड़ेंगे।
  • गिरिराज सिंह बेगुसराय और पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद चुनावी मैदान में होंगे।
  • मंडी से कंगना रनौत को उम्मीदवार बनाया गया है। 
  • कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और दुमका से सीता सोरेन को टिकट दिया गया है।
  • बेलगाम से जगदीश शेट्टार, चिक्काबल्लापुर से के सुधाकरन को उम्मीदवार बनाया गया है।
  • संबलपुर से धर्मेंद्र प्रधान, बालासोर से प्रताप सारंगी, पुरी से संबित पात्रा, भुवनेश्वर से अपराजिता सारंगी और मेरठ से अरुण गोविल चुनावी मैदान में उतरेंगे।
  • राजीव प्रताप रूडी सारण और आरके सिंह आरा से चुनाव लड़ेंगे।
  • बैजयंत जय पांडा केंद्रपाड़ा से चुनाव लड़ेंगे।
  • बैरकपुर से अर्जुन सिंह, मेदिनीपुर से अग्निमित्रा पॉल, दार्जिलिंग से राजू बिस्ता को टिकट दिया गया है।
  • तमलुक से पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय और बर्धमान-दुर्गापुर से दिलीप घोष को उम्मीदवार बनाया गया है।

अब तक 402 उम्मीदवारों का एलान

  • भाजपा अब तक पांच लिस्ट के जरिए कुल 402 नामों का एलान कर चुकी है। दो मार्च को जारी पहली सूची में 195 नामों की घोषणा की गई थी, जिसमें 34 केंद्रीय और राज्य मंत्रियों के नाम शामिल थे। पहली सूची में 28 महिलाओं को भी मौका दिया गया था।
  • दूसरी सूची 13 मार्च को जारी की गई थी, जिनमें 72 उम्मीदवार शामिल थे। उस सूची में नागपुर से नितिन गडकरी और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर को टिकट दिया गया था।
  • 21 मार्च को भाजपा ने तीसरी लिस्ट जारी करते हुए नौ उम्मीदवारों की घोषणा की थी। उस लिस्ट में तमिलनाडु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई दक्षिणी राज्य से ही अन्य उम्मीदवार शामिल थे।
  • इसके बाद 22 मार्च को तमिलनाडु की 14 सीटों के लिए प्रत्याशियों और पुडुचेरी की एक सीट के लिए उम्मीदवार का एलान किया गया था।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code