1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने जताई अपनी हत्या की आशंका, अखिलेश यादव ने कसा तंज, जानें क्या कहा…
भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने जताई अपनी हत्या की आशंका, अखिलेश यादव ने कसा तंज, जानें क्या कहा…

भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने जताई अपनी हत्या की आशंका, अखिलेश यादव ने कसा तंज, जानें क्या कहा…

0
Social Share

लखनऊ, 5 जनवरी। उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ बीजेपी के विधायक नंद किशोर गुर्जर ने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए राज्य सरकार के प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने शनिवार को आरोप लगाया कि उच्च अधिकारियों द्वारा उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है और इसके लिए 9 एमएम कैलिबर की 25 पिस्तौलें खरीदी गई हैं। नंद किशोर गुर्जर के बयान से पहले राज्य के प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने भी अपनी जान का खतरा बताया था।

अपनी ही सरकार पर लगाया आरोप

नंद किशोर गुर्जर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमारी सरकार में रोजाना 50,000 गायें काटी जा रही हैं और अधिकारी गायों के लिए दिए गए फंड को हड़प रहे हैं। भ्रष्टाचार की स्थिति चरम पर है और मुख्य सचिव इस सब के पीछे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास इस साजिश के प्रमाण हैं और उचित समय पर इन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। गुर्जर ने आगे आरोप लगाया कि अधिकारी बीजेपी विधायकों और पार्टी नेताओं की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं और मुख्यमंत्री के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “लोनी में हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें दो पुलिस हेड कांस्टेबल एक पीड़ित से पैसे वसूलते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ अधिकारी सपा और कांग्रेस नेताओं से मिले हुए हैं। यदि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, तो बीजेपी आगामी चुनाव में 375 सीटें जीत सकती है।”

गुर्जर के आरोपों का वीडियो किया शेयर

इस बीच, समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधायक गुर्जर के आरोपों का वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, “उप्र बीजेपी सरकार में दो राजधानियों (दिल्ली-लखनऊ) के बीच आपस में ही आरोपों की तलवारें खिंची हैं। किसी भाजपाई मंत्री के या किसी भाजपाई विधायक के ही कंधे पर बंदूक रखकर, कोई भाजपाई ही कहीं दूर से निशाना साध रहा है। सत्ता की इस रस्साकशी में जनता और सरकारी कामकाज पिस रहा है।

अधिकारी इनके घर्षण की आग में अपनी रोटी सेंक रहे हैं। दरअसल, ये जो लड़ाई है, उसका कारण भ्रष्टाचार की कमाई है, जिस पर सब एकाधिकार जमाना चाहते हैं। अब तो भाजपाई भी कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!” गुर्जर के आरोपों के बीच, आशीष पटेल द्वारा हाल में अपनी जान को लेकर खतरे की आशंका जताई गई थी। पटेल ने कहा था कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर है, खासतौर से जब उनकी पत्नी और सपा विधायक पल्लवी पटेल ने विभागीय भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।

 

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code